विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जिस हाथ से मारा थप्पड़, उसी हाथ को काट ले गए दबंग; अयोध्या में मामूली विवाद का खौफनाक अंजाम

Published: Fri, 14 Aug 2026 08:34 PM (IST)

अयोध्या के गोसाईंगंज में मामूली विवाद के चलते एक युवक ने बदला लेने के लिए दूसरे व्यक्ति का बायां हाथ काट दिया।

गोसाईंगंज के सरैया गांव में हाथ कटने से घायल दीनानाथ

गोसाईंगंज के सरैया गांव में हाथ कटने से घायल दीनानाथ

HighLights

  1. अयोध्या के गोसाईंगंज में मामूली विवाद पर युवक का हाथ काटा।

  2. शराब पिलाकर बदला लेने के लिए बायां हाथ हंसिया से काटा।

  3. आरोपी कटा हाथ लेकर फरार, पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

संवाद सूत्र, अयोध्या। मामूली विवाद में एक युवक ने तमाचा मारने वाला हाथ ही काट डाला। यह वारदात गोसाईंगंज की है, जहां चार लोग मिल कर एक युवक का बायां हाथ काट कर उठा ले गए।

घायल को राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शननगर में भर्ती कराया गया, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। गोसाईंगंज के लंगड़ातर मजरे सरैया में गुरुवार की रात स्थानीय निवासी दीनानाथ का हाथ काट लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि दीनानाथ के पुत्र से गांव के ही गौतम का कुछ विवाद हो गया था, जिसमें दीनानाथ ने गौतम को एक थप्पड़ मार दिया था। गौतम ने तमाचा मारने वाले हाथ को काट लेने की धमकी दी थी।

हंसिया से काटा हाथ

मामला कई दिन बीत जानने के बाद दीनानाथ विवाद को लेकर निश्चिंत हो गए, लेकिन गौतम प्रतिशोध की आग में जल रहा था। गुरुवार की देर शाम गौतम ने अपने सहयोगी पिंटू, प्रकाश व एक अन्य के साथ दीनानाथ को शराब व गांजा पिलाया।

दीनानाथ अधिक नशे में हो गए तो आरोपितों ने मिल कर उसे पटक दिया व बांका व हंसिया से उसका हाथ काट कर कटा हाथ लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों को कटे हाथ के साथ गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। वरिष्ठ उप निरीक्षक एसएन सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- सुलतानपुर पुलिस ने मुठभेड़ में पांच करोड़ के ड्रग्स के साथ 5 तस्करों को किया गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली