विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चढ़ावा चोरी मामला: ADA ने खारिज की आरोपी लवकुश मिश्र की पत्नी की याचिका, निर्माणाधीन मकान की 29 जुलाई को होगी सुनवाई

Published: Thu, 23 Jul 2026 05:39 AM (IST)

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपित लवकुश मिश्र की पत्नी सुप्रिया मिश्रा को अयोध्या विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सुप्रिया मिश्रा ने अवैध निर्माण मानचित्र जमा करने को समय मांगा।

  2. प्राधिकरण ने मांग ठुकराकर सुनवाई 29 जुलाई को तय की।

  3. लवकुश मिश्र का मकान महायोजना के ब्लू जोन में।

संवाद सूत्र, अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपित लवकुश मिश्र की पत्नी सुप्रिया मिश्रा बुधवार को विकास प्राधिकरण कार्यालय पहुंची और निर्माणाधीन मकान से संबंधित मानचित्र जमा करने के लिए फिर से एक महीने का समय मांगा। हालांकि प्राधिकरण ने सुप्रिया की मांग को ठुकराते हुए सुनवाई के लिए आगामी 29 जुलाई की तिथि नियत की है।

इससे पहले भी 15 जुलाई को सुनवाई की दौरान सुप्रिया ने एक माह का समय मांगा था। विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर एक स्थित बनबीरपुर में आरोपित लवकुश का आवासीय भवन निर्माणाधीन है, जिसका एडीए से मानचित्र पास नहीं कराया गया है। इसका क्षेत्रफल लगभग एक हजार 24 वर्ग फिट है। महायोजना के अनुसार इस क्षेत्र में आवासीय भवन का निर्माण प्रतिबंधित है। यहां केवल सार्वजनिक एवं अर्द्ध सार्वजनिक सुविधाओं का ही विकास किया जा सकता है।

सीमा विस्तार के बाद प्राधिकरण क्षेत्र में सआदतगंज के निकट बनबीरपुर में मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपित लवकुश मिश्र का मकान निर्माणाधीन है। चढ़ावा चोरी प्रकरण में लवकुश का नाम आने के बाद जांच के दौरान शहर में उसकी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम भूखंड होने और उस पर मकान का निर्माण होने की बात जांच अधिकारियों के सामने आई थी।

इसके बाद विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता सुरेंद्र यादव की जांच में इस मकान का निर्माण अवैध पाया गया। अवैध निर्माण को लेकर प्राधिकरण ने सुप्रिया के नाम नोटिस जारी करते हुए सुनवाई के लिए पहली बार तीन जुलाई की तिथि निर्धारित कर दी।

हालांकि सुप्रिया एडीए तक नहीं पहुंची। इसके बाद प्राधिकरण ने दूसरी नोटिस जारी करते हुए उसके निर्माणाधीन मकान पर चस्पा करा दिया। इस नोटिस मे 15 जुलाई को अंतिम सुनवाई का अवसर दिया गया। फिर आनन-फानन में सुप्रिया एडीए पहुंची और प्रार्थनापत्र दिया।

प्राधिकरण ने सुनवाई करते हुए 22 जुलाई की तारीख निर्धारित की थी। लेकिन बुधवार को भी सुप्रिया अपने निर्माणाधीन मकान से संबंधित मानचित्र का लेआउट प्राधिकरण के समक्ष उपलब्ध नहीं करा सकीं। चढ़ावा चाेरी प्रकरण में जेल मेंं निरुद्ध लवकुश मिश्र रुदौली थाना क्षेत्र के ठकुरान फगौली का रहने वाला है।

प्राधिकरण के सेक्टर एक में जहां अपने आवासीय भवन का निर्माण करा रहा था, वह क्षेत्र महायोजना के भाग ‘क’ में 'ब्लू जोन' घोषित है। यहां सिर्फ संबंधित कार्मिक, कर्मचारी, स्टाफ आवास आदि से संबंधित विकास हो सकता है। नगर निगम में शामिल यह क्षेत्र महाराणा प्रताप वार्ड में आता है।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद SOP का हो रहा सख्ती से पालन, गणनाकर्मी पहन रहे बिना जेब वाले नारंगी कपड़े