अयोध्या से हज यात्रा पर जाएंगे 144 आजमीन, मेडिकल के लिए सात डॉक्यूमेंट अनिवार्य
अयोध्या से हज-2027 के लिए चयनित 144 आजमीन को मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाना अनिवार्य है, जिसे 15 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन अपलोड करना होगा।

अयोध्या से हज यात्रा पर जाएंगे 144 आजमीन।
HighLights
अयोध्या से 144 आजमीन हज-2027 के लिए चयनित।
मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र 15 सितंबर 2026 तक अपलोड करें।
चिकित्सा के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ ले जाना अनिवार्य।
संवाद सूत्र, अयोध्या। हज-2027 के लिए अयोध्या जिले से चयनित 144 आजमीन-ए-हज को मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाने के लिए अब अस्पताल के चक्कर लगाने होंगे। भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रत्येक चयनित यात्री को सरकारी एलोपैथिक चिकित्सक से मेडिकल स्क्रीनिंग कराकर फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाना होगा। इसे 15 सितंबर 2026 तक अपने लागइन आईडी पर अपलोड करना अनिवार्य है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी ने बताया कि हज कमेटी आफ इंडिया के निर्देश के अनुसार मेडिकल प्रक्रिया समय से पूरी कराई जानी है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला हज ट्रेनर कारी अब्दुल वहीद ने बताया कि आजमीन मेडिकल कराने के लिए अस्पताल जाते समय हज आवेदन/आईडी की प्रति, आधार कार्ड की फोटो कॉपी, दो पासपोर्ट साइज फोटो और निर्धारित फिटनेस प्रमाणपत्र फार्म समेत आवश्यक कागजात साथ ले जाएं।
उन्होंने बताया कि मेडिकल प्रक्रिया में कम से कम दो दिन का समय लग सकता है, इसलिए यात्री सुबह करीब आठ बजे अस्पताल पहुंचकर प्रक्रिया पूरी कराएं।
उन्होंने अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें। मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र बनने के बाद उसे समय से लागइन आइडी पर अपलोड करना जरूरी है। हज ई-सुविधा केंद्र के माध्यम से भी यात्रियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
