विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपोत्सव 2026: रामायण की थीम पर सजेगी अयोध्या नगरी, पुष्पक विमान और राम रथ की दिखेगी झलक

Published: Wed, 07 Oct 2026 07:31 PM (IST)

अयोध्या में दीपोत्सव 2026 रामायण की थीम पर भव्यता से मनाया जाएगा, जिसमें कलात्मक सजावट, पुष्पक विमान, राम रथ और सेल्फी प्वाइंट्स मुख्य आकर्षण होंगे।

रामनगरी में दीपोत्सव 2026 में ऐसे बनेंगे सेल्फी प्वाइंट

रामनगरी में दीपोत्सव 2026 में ऐसे बनेंगे सेल्फी प्वाइंट

HighLights

  1. दीपोत्सव 2026 में अयोध्या रामायण थीम पर सजेगी।

  2. पुष्पक विमान, राम रथ, सेल्फी प्वाइंट्स होंगे मुख्य आकर्षण।

  3. 56 घाटों पर लगभग 30 लाख दीये जलाए जाएंगे।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। दीयों की रोशनी से निखरने वाली रामनगरी इस बार कलात्मक सजावट और रचनात्मक आकृतियों से भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी। प्रमुख चौराहों से लेकर प्रवेश मार्ग, रामकथा पार्क, रामकी पैड़ी और सरयू तट तक रामायण की थीम पर भव्य सज्जा नजर आएगी।

पर्यटन विभाग ने व्यापक कार्य योजना तैयार की है। रामनगरी में सजावटी द्वार, वे-फाइंडर, सेल्फी प्वाइंट और मंच के साथ राम रथ व पुष्पक विमान की झलक भी दिखाई देगी। सरयू की लहरों पर आकर्षक फ्लोटर्स दीपोत्सव की भव्यता में चार चांद लगाएंगे।

80921443

छह से आठ नवंबर तक विभिन्न आयोजन होंगे। सात नवंबर को दीपोत्सव के मुख्य आयोजन में 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए जाएंगे। 10 प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए रामकथा पार्क और रामकी पैड़ी पर 10-10 आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे।

त्रि-आयामी कलाकृतियां आयोजन स्थलों की खूबसूरती बढ़ाने के साथ आगंतुकों के अनुभव को भी खास बनाएंगी। लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी मार्ग तक कलात्मक स्थापनाएं तैयार की जाएंगी। शहर के प्रमुख हाईवे और 'धर्म पथ' पर रामायण की थीम से सजे 10 भव्य द्वार तैयार किए जाएंगे।

लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से अयोध्या आने वाले मार्गों के साथ धर्म पथ पर बनने वाले द्वारों की सजावट में हर गेट की अलग पहचान होगी। राम की पैड़ी के निकट पुष्पक विमान थीम पर रोडसाइड इंस्टालेशन आकर्षण का केंद्र बनेगा। राम की पैड़ी पर राम दरबार की भव्य प्रस्तुति होगी। रामकथा पार्क के पास भरत मिलाप मंच और पाथवे विकसित किए जाएंगे।

80921403

नए कलेवर में नजर आएगा राम कथा मंच

सांस्कृतिक आयोजनों के लिए रामकथा पार्क का स्थायी मंच नए कलेवर में नजर आएगा। यहां उच्च गुणवत्ता वाली ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था के साथ एलईडी स्क्रीन, थीम आधारित रंगीन कपड़े का इस्तेमाल होगा। दोनों ओर सीढ़ियां, पुष्प सज्जा, रंगोली, पर्दे और मंच पर बैठने की व्यवस्था भी होगी।

मौजूदा ढांचे के अनुरूप ही डिजाइन तैयार किया जाएगा। राम कथा पार्क के प्रवेश और निकास को आकर्षक बनाने के लिए सजावटी गेट का निर्माण होगा। प्रत्येक द्वार का डिजाइन भारतीय संस्कृति, पारंपरिक प्रतीकों और रामायण के प्रसंगों पर आधारित होगा।

अयोध्या की आभा होगी अविस्मरणीय: जयवीर

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव में अयोध्या की भव्यता के साथ उसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नए रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि रामायण के प्रमुख प्रसंगों को बेहद सरल भाषा में एक पंक्ति के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। उद्देश्य बच्चों और नई पीढ़ी को रामायण की कथाओं से सहजता से जोड़ना है, ताकि दीपोत्सव केवल रोशनी और उत्सव तक सीमित न रहकर संस्कृति, संस्कार और ज्ञान का भी माध्यम बने।

यह भी पढ़ें- ऐतिहासिक राम बरात: ऐरावत पर दूल्हा बने श्रीराम तो थम गईं राहें, झुक गए शीश; आगरा बना त्रेता युग की अयोध्या