अयोध्या में ड्यूटी से लौट रहे आरक्षी की डीसीएम से टक्कर में मौत, साथी घायल
अयोध्या में गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर डीसीएम की टक्कर से एक बाइक सवार आरक्षी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी ...और पढ़ें

HighLights
आरक्षी गौतम सिंह की डीसीएम टक्कर में मौत।
साथी आरक्षी अभय कुमार गंभीर रूप से घायल।
रामजन्मभूमि ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। अनियंत्रित डीसीएम वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक आरक्षी की मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल है। घटना गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर बूथ नंबर चार के पास हुई है। कानपुर नगर के चकेरी निवासी आरक्षी गौतम सिंह एवं कौशांबी निवासी अभय कुमार गौतम की तैनाती बांदा जिले में थी।
दोनों अयोध्या रामजन्मभूमि सुरक्षा ड्यूटी में आए थे। मंगलवार की रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से जा रहे थे, रास्ते में डीसीएम की चपेट में आ गए।
असंतुलित होकर दोनों सिपाही रोड पर गिर गए। गौतम सिंह का सिर डीसीएम के पहिये के नीचे आने से घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई, जबकि अभय कुमार गौतम के पैर एवं सिर में गंभीर चोटें आईं हैं।
पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि दोनों एक माह पहले बांदा से ड्यूटी के लिए आए थे। गौतम सिंह की ड्यूटी यलो जोन, जबकि अभय की ड्यूटी रेड जोन में थी। दोनों 2011 बैच के आरक्षी हैं।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव उनके स्वजन के दे दिया गया। एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी व अन्य पुलिस कर्मियों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंच कर मृतक आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
