विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग में आने वाले भवनों पर चला बुलडोजर, अतिक्रमण को लेकर पुलिस ने डाला डेरा

Published: Sun, 20 Sep 2026 10:49 PM (IST)

अयोध्या जिला प्रशासन ने 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के विस्तार के लिए अतिक्रमण हटाते हुए कई भवनों पर बुलडोजर चलाया।

चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर अतिक्रमण की जद में आने वाले भवनों पर चला बुलडोजर।

चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर अतिक्रमण की जद में आने वाले भवनों पर चला बुलडोजर।

HighLights

  1. 14 कोसी परिक्रमा मार्ग विस्तार हेतु भवनों पर बुलडोजर कार्रवाई।

  2. जिला प्रशासन ने नजूल भूमि पर बने तीन मकान ढहाए।

  3. कार्रवाई के दौरान विरोध, आक्रोश और पुलिस बल तैनात।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। फोरलेन बनाये जा रहे 14 कोसी परिक्रमा मार्ग को लेकर जिला प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और निर्धारित रास्ते की परिधि में आ रहे भवनों को ढहा दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में आक्रोश है।

कार्रवाई को लेकर अफरातफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने विरोध भी दर्ज कराया। जिस भवन को ढहाया गया, उससे संबंधित परिवारीजन के अचेत होने की भी खबर है। पूर्व सभासद व लंबे समय से भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता मुरारी यादव का निर्माण अतिक्रमण की जद में आया, जिसे प्रशासन ने ढहा दिया।

जिला प्रशासन का कहना है कि जो भवन चिह्नित थे, निर्धारित कार्रवाई के बाद उन्हें हटाया गया है। दिन भर जनौरा नाका स्थित नजूल की जमीन पर बने तीन मकानों को लेकर हलचल रही। जिला प्रशासन ने अंतत: इन पर बुलडोजर कार्रवाई की। इन मकानों को ध्वस्त कर दिया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि ये मकान नजूल की जमीन पर बने थे। प्रशासन का दावा है कि भवनों के मुआवजे का भुगतान भी हो चुका था। कुछ प्रभावित लोग मामले को लेकर हाईकोर्ट गए थे। चर्चा यह है कि प्रशासन ने हाईकोर्ट के दिशा-निर्देश मिलने पर कार्रवाई की। एडीएम वित्त एवं राजस्व अमित भट्ट और सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।

आगामी 14 कोसी परिक्रमा को देखते हुए जिला प्रशासन ने परिक्रमा मार्ग के विस्तार को इस कार्रवाई के साथ अंतिम रूप दिया है। बहुत दिनों से इसका विवाद बना हुआ था। मुरारी यादव व जिला प्रशासन आमने सामने थे।

कई भाजपाइयों ने भी जिला प्रशासन पर दबाव डाला पर वह कामयाब नहीं हो सके। शाम को मकान ध्वस्त किए जाने के बाद भी मौके पर पुलिस डेरा डाले रही।