विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ADA की कार्रवाई जारी, लवकुश ही नहीं...ब्लू जोन में मकान बनवा रहे 14 अन्य भू-स्वामी भी रडार पर

Published: Thu, 10 Sep 2026 10:34 AM (IST)

राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण के आरोपी लवकुश मिश्रा के अवैध निर्माण पर अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) ने कार्रवाई की है।

लवकुश ही नहीं, कार्रवाई के घेरे में आएंगे 14 अन्य भू स्वामी।

लवकुश ही नहीं, कार्रवाई के घेरे में आएंगे 14 अन्य भू स्वामी।

HighLights

  1. राम मंदिर चढ़ावा चोरी आरोपी लवकुश मिश्रा के अवैध निर्माण पर कार्रवाई।

  2. अयोध्या के ब्लू जोन में 14 अन्य भू-स्वामी भी जांच के दायरे में।

  3. एडीए ने 98% अवैध भवनों को चालानी नोटिस जारी किए।

प्रहलाद तिवारी, अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में आरोपित लवकुश मिश्रा के मकान पर कार्रवाई के बावजूद अन्य मकानों का निर्माण जारी है।

अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) ने लवकुश के ब्लू जोन में चल रहे निर्माण पर रोक लगाने के लिए नोटिस चस्पा किया, लेकिन अन्य मकानों का निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रहा है। एडीए की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

चढ़ावा चोरी प्रकरण सामने आने के बाद लगभग एक माह तक यहां पर निर्माण गतिविधियां ठप रहीं लेकिन अब फिर से शुरू हो चुकी हैं।

लवकुश का आवासीय भवन बनवीरपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन है, जो उसकी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर है। इस कॉलोनी में 11 मकान बन चुके हैं और तीन अन्य निर्माणाधीन हैं। पूरे क्षेत्र में लगभग 100 से अधिक मकान बन चुके हैं, जबकि एडीए महायोजना 2031 के अनुसार इस क्षेत्र में आवासीय भवनों का निर्माण प्रतिबंधित है।स्कूल, कालेज सहित अन्य व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित है।

अब लवकुश के साथ ही अन्य 14 भू स्वामी भी कार्रवाई के दायरे में आएंगे, जिनके मकान ब्लू जोन में हैं। एडीए से किसी का मानचित्र पास नहीं है, जिससे इन संपत्तियों से जुड़े अभिलेखों और निर्माण की स्थिति की जांच की जा सकती है। प्राधिकरण सुप्रिया मिश्रा के मकान के मानचित्र की फाइल वापस कर चुका है।

ऐसे में अब माना जा रहा है कि आरोपित के भवन की जांच के बहाने अब क्षेत्र के अन्य निर्माण भी जांच के दायरे में आ जाएंगे। एडीए सचिव राजेश मिश्र ने स्वीकार किया कि बिना नक्शा पास कराए ही मकान निर्मित किए गए हैं। ऐसे चिह्नित 98 प्रतिशत भवनों को चालानी नोटिस जारी की जा चुकी है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित भू-स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी सुभाष को कोर्ट से बड़ी राहत, पेंशन खाते पर लगी रोक हटी