अयोध्या में 30 हजार से अधिक राशन कार्डधारकों पर मंडराया खतरा, राशन न लेने से होंगे डिलीट
अयोध्या में 30,548 राशन कार्डधारक ऐसे हैं जिन्होंने कई महीनों से अपना राशन नहीं लिया है, जिससे उनके कार्ड डिलीट होने का खतरा है।

HighLights
30,548 कार्डधारकों ने कई माह से नहीं उठाया अपना राशन।
नियमित पांच माह तक राशन न लेने पर कार्ड होंगे डिलीट।
अयोध्या में 93% कार्डधारक नियमित रूप से राशन प्राप्त कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। विगत कई माह से 30 हजार 548 कार्डधारक ऐसे हैं, जिन्होंने जिले की किसी भी दुकान से राशन नहीं उठाया है। इन पर राशन कार्ड के डिलीट होने का खतरा उत्पन्न हो गया है।
अयोध्या में अभी 93 प्रतिशत कार्ड धारक कोटेदारों के यहां से राशन ले रहे हैं। इनके नाम का राशन प्रतिमाह आवंटित होता है। हालांकि जिला पूर्ति अधिकारी यह नहीं बता सके कि जिले के बाहर पोर्टबिलिटी सुविधा का लाभ कितने लोग ले रहे हैं। जिले में चार लाख 36 हजार 405 कार्डधारक हैं, जिसमें 62 हजार 810 के पास अंत्योदय राशन कार्ड है, शेष पात्र गृहस्थी कार्ड धारक हैं।
अंत्योदय राशन कार्ड पर परिवार के सदस्यों की संख्या पर ध्यान दिए बिना प्रति परिवार प्रत्येक माह निश्चित 35 किलोग्राम अनाज (गेहूं और चावल) दिया जाता। पात्र गृहस्थी कार्ड पर मिलने वाला राशन परिवार के सदस्यों (यूनिट) की संख्या पर निर्भर करता है। इसमें प्रति यूनिट (प्रति सदस्य) पांच किलोग्राम प्रति माह अनाज (गेहूं और चावल) दिया जाता है।
जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र कहते हैं कि सौ प्रतिशत बायोमैट्रिक पद्धति से राशन वितरित किया जाता है। बताया कि पोर्टबिलिटी सुविधा से जिले के बाहर कितने लोग राशन ले रहे हैं, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं है। पर बड़ी संख्या में लोग हैं, जो राशन नहीं ले रहे।
