Auraiya News: बाइकों की भिड़ंत में दो लोगों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
सौधरा मार्ग पर पुर्वा बक्सा गांव के समीप सोमवार रात 11 बजे के करीब विपरीत दिशा में जा रहीं दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसा देख ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सहार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
सहायल, जागरण संवाददाता। सौधरा मार्ग पर पुर्वा बक्सा गांव के समीप सोमवार रात 11 बजे के करीब विपरीत दिशा में जा रहीं दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसा देख ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सहार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दोनों युवकों मृत बता दिया। जबकि दो गंभीर घायल को तिर्वा मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया।
गांव बरियारेमऊ निवासी सोनू यादव अपने साथी अमन के साथ सोमवार की शाम सहार में किसी काम से गया था। बाइक से वह रात 11 बजे के करीब वापस घर लौट रहे थे। सौथरा सहायल मार्ग पर गांव पुर्वा बक्सा के समीप सामने से आ रही बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। जिसमें 37 वर्षीय राधेश्याम पुत्र राम प्रसाद निवासी याकूबपुर व 32 वर्षीय यूसिफ अली पुत्र नत्थू खां सवार थे।
घायलों का तिर्वा मेडिकल कालेज में चल रहा इलाज
हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायलों को सहार सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने राधेश्याम और यूसिफ को मृत बता दिया। पंकज मिश्रा ने बताया कि घायलों का तिर्वा मेडिकल कालेज में उपचार कराया जा रहा है। क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
गाय में लंपी रोग जैसे लक्षण दिखे, पशुपालक परेशान
रूरूगंज के ऐरवाकटरा विकास खंड की ग्राम पंचायत बहबा के मजरा नगला महुआ में मंगलवार को गोवंशी में लंपी त्वचा रोग जैसे लक्षण देखने को मिले। जिससे गांव के अन्य पशुपालकों में खलबली मच गई। इधर गाय मालिक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पशु विभाग की टीम ने उपचार शुरू कर दिया है।
विकास खंड ऐरवाकटरा की ग्राम पंचायत बहबा के मजरा नगला महुआ निवासी आशु यादव ने पालतू गाय में लंपी त्वचा रोग जैसे लक्षण देख इसकी जानकारी पशु पालन विभाग के अधिकारियों को दी। इसकी जानकारी गांव में फैलते ही अन्य पशु पालक अपने पशुओं को लेकर हैरान नजर आए।