टाप बाक्स: 'यास' की धाक से गिर रही नौतपा का साख
जागरण संवाददाता औरैया प्रकृति भी अजब-गजब स्वरूप दिखा रही है। कभी चिलचिलाती धूप तो कभी
जागरण संवाददाता, औरैया: प्रकृति भी अजब-गजब स्वरूप दिखा रही है। कभी चिलचिलाती धूप तो कभी बेमौसम बरसात। कभी धूल भरी आंधी तो कभी उमस भरा वातावरण। रोहिणी नक्षत्र में 'नौतपा' का हमेशा से ही अपना स्वरूप रहा है। इसमें धरती नौ दिन तक तपती है। इसके बाद मूसलाधार बारिश होने की बारी आती है। कह सकते हैं, उत्तम आंच में ही पका भोजन सही से तैयार होता है। आंच कम होने पर भोजन सही से नहीं पक पाता। कुछ यही हाल मौसम का भी देखने को मिल रहा है। नौतपा में तपने वाली धरती पर बारिश हो रहा, बूंदाबांदी हो रही। मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि पहले अरब सागर के चक्रवाती तूफान टाक्टे ने मौसम में बदलाव किया। रही सही कसर बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान 'यास' ने पूरी कर दी। करीब नौ दिन पहले(गुरुवार)जिले का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस(डिसे) तक गिर गया था। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जनपद का अधिकतम तापमान 36 डिसे व न्यूनतम तापमान 25 डिसे मापा गया। खैर, पहले 'टाक्टे' ने मौसम बदला। तो अब 'यास' की वजह से नौतपा की साख को बट्टा लग रहा है।
शनिवार सूर्योदय के बाद पूर्वाह्न तक जिले में धूप खिली रही। दोपहर बाद शाम बादल के बीच धूप-छांव का खेल चलता रहा। पूरे दिन हवा की गति 10 किमी प्रति घंटा रही। पूरे दिन तपन रहने के बाद रात में नम हवा लोगों को काफी राहत पहुंचा रही है। राहगीर पेड़ों की छाया में सुस्ताते नजर आए। मौसम विज्ञानी डॉ. अनंत कुमार के अनुसार चक्रवाती तूफान टाक्टे व यास की वजह से ही मौसम में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है। नौतपा का घटता ताप आने वाले दिनों में रूप दिखा सकता है। बारिश होने के अनुमान को भी झटका लग सकता है। यह भी बताया गया कि आसमान में अभी बादल छाए रह सकते हैं।