भरभरा कर गिरा कच्चा मकान, मासूम घायल
संस अजीतमल लगातार हुई बारिश के चलते क्षेत्र के गांव मोहारी में एक कच्चा मकान भरभराकर
संस, अजीतमल: लगातार हुई बारिश के चलते क्षेत्र के गांव मोहारी में एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मलबा में दबकर मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया और गृहस्थी का सामान दब गया। एसडीएम ने जांच कराकर पीड़ित को मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया है। गांव मोहारी में पुष्पा पत्नी माया शंकर का कच्चा मकान है। एक कमरे में वह अपने नाती शिवांश के साथ सो रही थी। शनिवार की रात करीब 10 बजे कुछ आहट पाकर वह उठी। कमरे के बाहर आई,तभी हो रही बारिश से कमरे की छत भरभरा कर गिर गई। मलबे की चपेट में कमरे में सो रहा शिवांश आ गया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने मलबे में दबे शिवांग को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। आनन-फानन उसे सीएचसी में भर्ती कराया। यहां पर चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मकान की छत गिरने से गृहस्थी का सामान दबकर नष्ट हो गया। पीड़ित ने बताया कि उसके द्वारा प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन अभी तक नहीं मिला है। जिस वजह से वह कच्चे मकान में रहने को मजबूर हैं। एडीएम विजेता ने बताया कि मकान गिरने की सूचना मिली है। लेखपाल को भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा। वहीं गांव चपटा में चपटा निवासी दिनेश सिंह पुत्र श्याम सिंह का कच्चा मकान भरभरा कर गिर पड़ा। गनीमत रही कि घर सदस्य दूसरे कमरे में लेटे थे। जिससे हादसा टल गया। क्षेत्र में रुक रुक कर हो रही बारिश ने आमजन को परेशान सा कर दिया है।