महानगरों की तर्ज पर हाईटेक होगी शहर की यातायात व्यवस्था
अर्पित अवस्थी औरैया शहर की यातायात व्यवस्था अब देश के महानगरों की तर्ज पर करने की कोशि
अर्पित अवस्थी, औरैया : शहर की यातायात व्यवस्था अब देश के महानगरों की तर्ज पर करने की कोशिश शुरू कर दी गई है। इसके लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। जनपद के अन्य भागों में भी बेहतर सिगनल प्रणाली देने की कवायद में अमला जुट गया है। इसकी निगरानी सीसीटीवी कैमरे से की जाएगी। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। चालान काटकर संबंधित के घर भेज दिया जाएगा।
आज की भाग-दौड़ भरी जिदगी में सभी व्यस्त दिखते हैं। हर कोई जल्दबाजी में रहता है। शहर समेत जनपद की सबसे बड़ी समस्या जाम की है। शहर में यातायात व्यवस्था पुराने ढर्रे पर चल रही है। ट्रैफिक पुलिस शहर की यातायात व्यवस्था संभाल रही है। सीटी बजाकर चौराहों पर वाहनों को क्रास करने की हरी झंडी मिलती है। अब इस व्यवस्था में बदलाव होगा। लखनऊ की तर्ज पर इलेक्ट्रॉनिक ट्रैफिक सिग्नल लगेंगे। इनके जरिये वाहनों को आगे बढ़ने व रुकने की सुविधा मिलेगी। वैसे शहर की यातायात व्यवस्था वर्ष 2020 में ही दुरूस्त किए जाने की कवायद की जा रही थी, लेकिन कोरोना काल में संभव नहीं हो पाया। वर्ष 2021 में शहर की यातायात व्यवस्था हाईटेक होने की उम्मीद है। बोले व्यापारी :
कानून की सख्ताई से पालना जरूरी
व्यापारी संजय दीक्षित का कहना है कि यातायात नियमों की पालना को लेकर बने कानूनों की सख्ताई से पालना करनी जरूरी है। यदि कोई नियमों को तोड़ता है तो उस पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाए। कानूनी रूप से सख्त रवैया अख्तियार करके ही ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त बनाया जा सकता है। शहर के पवन अवस्थी का कहना है कि जीवन में अनुशासन की भावना आत्मसात करते हैं तो सड़क पर चलने का अनुशासन भी धारण करना होगा। संस्कारों की तरह ही बचपन से ही यह पाठ पढ़ाना होगा कि यातायात नियमों की पालना करना उनका कर्तव्य है। इस कर्तव्य का पालन करके वह आदर्श नागरिक बनते हैं। यदि कोई यातायात नियमों की पालना नहीं करता है तो उसे आदर्श नागरिक नहीं कहा जा सकता। इनसेट :
मैन पावर व संसाधनों की कमी से जूझता रहा विभाग:
वर्ष 2020 में मैन पावर और संसाधन की कमी से यातायात विभाग जूझता नजर आया। लेकिन इस साल जाम की समस्या से निजात दिलाए जाने के लिए कार्य योजना बना ली गई है। जल्द ही शहर के प्रमुख स्थानों पर सिग्नल लगाए जाने के लिए तैयारी की जा रही है। इसके अलावा जहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है, वहां से अतिक्रमण हटाए जाने की तैयारी चल रही है। इन स्थानों पर लगेंगे सिग्नल:
शहर के सबसे व्यस्तम चौराहा सुभाष चौराहा व जेसीज चौराहे पर सिग्नल लगाए जाने के लिए पत्राचार कर दिया गया है। उम्मीद है कि फरवरी माह तक बजट पास हो जाएगा और सिग्नल के साथ एक क्रेन भी मंगाई जाएगी। जो यातायात व्यवस्था सुधारने में काफी लाभदायक होगी। इन स्थानों पर नहीं है कोई व्यवस्था:
शहर के दिबियापुर तिराहा और फफूंद तिराहे पर तीन रास्ते हैं, यहां पर न तो कोई डिवाइडर है और न ही कोई अन्य व्यवस्थाएं। यहां पर व्यवस्थाओं को दुरूस्त कराए जाने के लिए कार्य योजना बना ली गई है। वर्जन -
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था जल्द ही दुरूस्त की जाएगी। इसके लिए कार्य योजना बनाकर शासन को भेज दी गई है। जनपद के अन्य स्थानों पर भी इसे लागू किया जाएगा।
- अपर्णा गौतम, एसपी