औचक निरीक्षण से राजकीय धान केंद्रों पर खलबली, किसानों से ली थाह
संसू बेला बिजली आपूर्ति की दिक्कत व आश्वासन से परेशान किसानों के सामने धान बेचने की दिक्कत ह
संसू, बेला: बिजली आपूर्ति की दिक्कत व आश्वासन से परेशान किसानों के सामने धान बेचने की दिक्कत है। क्रय केंद्रों पर प्रभारियों द्वारा उन्हें लौटाया जा रहा। इससे नाराज होकर कुछ दिन पूर्व किसानों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कुछ केंद्रों पर हंगामा किया था। आ रही समस्याओं की हकीकत को जांचने के लिए मंगलवार अधिकारियों की एक टीम बेला मंडी समिति में बने दो राजकीय केंद्रों पर पहुंची। औचक निरीक्षण से केंद्र प्रभारियों में खलबली रही। धान खरीद को लेकर शासन अति गंभीर है। स्थानीय प्रशासन के कर्मचारी इसमें कोई लापरवाही न करें, इसे लेकर पूरी गंभीरता बरती जा रही है।
बेला मंडी समिति में दो धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। जिले में एक नवंबर से धान की खरीद शुरू है। क्रय केंद्रों पर किसानों का धान आना शुरू हो गया है। दिबियापुर, अजीतमल सहित कई ब्लाकों में कोई शेड्यूल व व्यवस्था दुरुस्त न होने से किसान परेशान हो रहे। मंगलवार को संभागीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) सहित आरएमओ आरवी प्रसाद, डिप्टी आरएमओ सुधांशु शेखर चौबे के साथ छह सदस्यीय टीम ने धान क्रय केंद्रों का मुआयना किया। मूलभूत सुविधाओं पर नजर डालते हुए धान लेकर पहुंचे किसानों से बात की। उनसे समस्या पूछी। इसके बाद केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि कोई किसान
यदि लौटता है तो जिम्मेदारी प्रभारी की होगी। हर हाल में समस्या का निस्तारण कराते हुए खरीद की प्रक्रिया में तेजी दिखाई जाए। शासन की मंशा के अनुसार सारी कवायद होनी है। बावजूद लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया जाएगा। इसके अलावा अधिकारियों ने कहा कि जहां बिजली आपूर्ति की समस्या है, वहां जनरेटर व अन्य वैकल्पिक संसाधनों को अपनाया जाए।