मानदेय में वृद्धि न होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में रोष
संवाद सहयोगी, बिधूना : प्रदेश सरकार द्वारा दीपावली के अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहाि
संवाद सहयोगी, बिधूना : प्रदेश सरकार द्वारा दीपावली के अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि न किए जाने से भारी रोष व्याप्त है। आंगनबाड़ी बचाओ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा यदि इस वर्ष के अंत तक मानदेय में वृद्धि नहीं की गई तो जनवरी माह की आठ व नौ तारीख को समूचे देश में विशाल धरना प्रदर्शन, हड़ताल की जाएगी।
प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के लिए कई बार आश्वासन दिए गए। बीते 2 माह पूर्व भी मुख्यमंत्री ने विभिन्न संगठनों की प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में अतिशीघ्र कमेटी बनाकर मानदेय संबंधी समस्या का निराकरण कराए जाने का आश्वासन दिया था। कार्यकत्रियों सहायिकाओं को लग रहा था कि योगी सरकार मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि कर उन्हें दीपावली का तोहफा दे सकती है। दीपावली पर सरकार द्वारा मानदेय में वृद्धि न किए जाने से भारी रोष एंव निराशा व्याप्त है। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश कुमार पांडे ने कहा यह सरकार महिला सशक्तिकरण की बातें तो करती है लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने में सिर्फ जुमलेबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि इस वर्ष के अंत तक मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि सहित अन्य समस्याओं का निराकरण न कराया गया तो जनवरी माह की आठ व नौ तारीख को विशाल धरना प्रदर्शन, हड़ताल की जाएगी। इस अवसर पर संगठन की ब्लाक अध्यक्ष ज्योत्सना गुप्ता आदि कार्यकर्ताओं ने मानदेय न बढ़ाये जाने पर रोष प्रकट किया।