प्रदूषण के कारण पेड़-पौधे हो रहे काले
जागरण संवाददाता औरैया बढ़ते प्रदूषण से शहर में बुरा हाल है। हालात यह हैं कि डिवाइ
जागरण संवाददाता, औरैया : बढ़ते प्रदूषण से शहर में बुरा हाल है। हालात यह हैं कि डिवाइडरों पर लगे पेड़-पौधे धूल और धुएं के गुबार को झेलते हुए काले पड़ गए हैं। कई स्थानों पर प्रदूषण ने पेड़ों को झुलसाकर सुखा दिया है। पर्यावरणविद् भले ही बढ़ते प्रदूषण के स्तर को लेकर चितित हैं व एनजीटी लगातार आदेश जारी कर रहा है, लेकिन प्रदूषण नियंत्रण के लिए अफसर कार्ययोजना बनाकर फाइलों तक ही सिमटे हुए हैं।
शहर के विभिन्न इलाकों में लगे पेड़-पौधे प्रदूषण का शिकार हो रहे हैं। शहर से गुजरे हाईवे के बीच डिवाइडर पर लगे पौधों पर प्रदूषण का असर साफ दिखाई दे रहा है। धूल और वाहनों को धुएं से हरे भरे पेड़-पौधे काले नजर आ रहे हैं। कई पेड़ों को तो प्रदूषण के असर ने झुलसा दिया। शहर में प्रदूषण से लोगों पर कितना घातक असर पड़ रहा है इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है। पर्यावरणविदों का कहना है कि यह चिता का विषय है। शहरवासियों के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदार विभागों के अधिकारियों को भी जागरूक होकर कार्य करना होगा। सांसों में घुल रहा जहर
मियाद पूरी कर चुके और खटारा वाहन शहर में दौड़ रहे हैं। ये शहर और आसपास के इलाकों में दिखाई देते हैं। शहर में अधिकांश रोडवेज व खटारा टेंपो धुआं उगलते हैं। यह लोगों में जहर घोलने का काम कर रहे हैं। नहीं चेते तो भुगतने होंगे गंभीर परिणाम
पर्यावरणविद भगवत शरण विश्नोई का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक होना पड़ेगा। समय रहते लोग नहीं चेते तो फिर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।