फफूंद को जिले का मुख्य रेलवे स्टेशन बनाने की मांग तेज, 15 अगस्त तक ट्रेनों के ठहराव का इंतजार
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने फफूंद रेलवे स्टेशन को जिले का मुख्य स्टेशन बनाने और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
फफूंद स्टेशन को जिले का मुख्य स्टेशन बनाने की मांग।
प्रमुख ट्रेनों के ठहराव के लिए 15 अगस्त तक का अल्टीमेटम।
व्यापारियों से अतिक्रमण न करने और सीसीटीवी लगाने की अपील।
जागरण संवाददाता, औरैया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की मासिक पदाधिकारी बैठक सोमवार को नगर अध्यक्ष अजय गुप्ता पैराडाइज के आवास पर हुई। बैठक में फफूंद रेलवे स्टेशन को जिले का मुख्य स्टेशन बनाने और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि 15 अगस्त तक स्टेशन पर नई ट्रेनों का ठहराव शुरू नहीं होता है तो संगठन अगली रणनीति तैयार करेगा।
नगर अध्यक्ष अजय गुप्ता ने व्यापारियों से दुकानों के सामने अतिक्रमण न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगाएं और कम से कम एक कैमरा सड़क की ओर लगाया जाए, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में मदद मिल सके।
उन्होंने ग्राहकों से भी दुकान के अंदर हेलमेट व मास्क हटाकर आने का आग्रह किया। महामंत्री प्रशांत गुप्ता शक्ति ने जल्द ही व्यापारियों और मेधावी छात्रों के सम्मान समारोह का आयोजन करने की घोषणा की।
कोषाध्यक्ष सौरभ दुबे ने व्यापारियों से एकजुट रहने का आह्वान किया और स्वतंत्रता दिवस व रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उपाध्यक्ष गोविंद मिश्रा ने पदाधिकारियों से प्रत्येक बैठक में समय से पहुंचने का आग्रह किया।
वरिष्ठ मंत्री प्रदीप दुबे ने बताया कि नगर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए व्यापार मंडल टेंपो चालकों और रेहड़ी दुकानदारों से संपर्क कर अभियान चलाएगा। बैठक में सौरभ अवस्थी, कुलदीप राजपूत, राजबहादुर राजपूत, हिमांशु गुप्ता, विनय गुप्ता, राहुल यादव आदि मौजूद रहे।
आईटीआई में व्यवसाय बदलने का आनलाइन विकल्प 15 अगस्त तक
अटसू। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) अटसू में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए व्यवसाय एवं संस्थान बदलने का आनलाइन विकल्प उपलब्ध कराया गया है।
नोडल प्रधानाचार्य अनूप सिंह ने बताया कि प्रदेश के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में संचालित विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थी 9 से 12 अगस्त तक एससीवीटी पोर्टल के माध्यम से संस्थान एवं व्यवसाय में विकल्प परिवर्तन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए वेबसाइट scvtup.in पर नवीन आनलाइन आवेदन, पंजीकरण एवं विकल्प परिवर्तन की सुविधा 15 अगस्त की रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। निर्धारित समय के बाद आवेदन, पंजीकरण अथवा विकल्प परिवर्तन का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा।
