राहगीरों की प्यास बुझाएंगे सचल प्याऊ
जागरण संवाददाता, औरैया : गर्मी की शुरुआत के साथ ही शहर आने वाले ग्रामीण व शहर के लोग
जागरण संवाददाता, औरैया : गर्मी की शुरुआत के साथ ही शहर आने वाले ग्रामीण व शहर के लोगों को पेयजल के लिए मजबूरन पानी खरीद कर पीना पड़ता है। शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। इसको देखते हुए पालिका द्वारा जल्द ही सचल प्याऊ चलवाए जाने की कार्य योजना तैयार कर रही है। इसके अलावा नए वॉटर कूलर लगवाए जाने के लिए भी कुछ स्थानों को चिह्नित कराया जा रहा है।
इन दिनों शहर में पेयजल की खासी समस्या चल रही है। जल स्तर गिर जाने से शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे हैंडपंप भी पानी छोड़ गये हैं। कई स्थानों पर तो हैंडपंप पूरी तरह से खराब हैं। इसके अलावा अभी शहर में कहीं प्याऊ की व्यवस्था भी नहीं की गई है। गत वर्ष शहर में लगाए गये वाटर कूलर भी अभी सुचारू रूप से शुरू नहीं हो सके हैं। शहर की इस समस्या को देखते हुए पालिकाध्यक्ष गायत्री देवी व हाल ही में उनके प्रतिनिधि बने लालजी शुक्ला ने शहर में सचल प्याऊ चलवाए जाने का निर्णय लिया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के प्रमुख स्थानों पर सचल प्याऊ चलवाए जाने के आदेश दे दिये गये हैं। जल्द ही शहर के इटावा रोड, कानपुर रोड, दिबियापुर रोड व बाजारों में कुल चार सचल प्याऊ चलवाए जाएंगे। बताया कि कुछ स्थान भी चिह्नित किये जा रहे हैं। इन स्थानों पर वाटर कूलर लगवाए जाएंगे। बताया कि जो वाटर कूलर खराब पड़े हैं उनको भी जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।