किसानों की समस्याओं को देखते हुए बढ़ेंगे धान क्रय केंद्र
जागरण संवाददाता औरैया जनपद में 15 अक्टूबर से शुरू हुई धान खरीद धीरे-धीरे रफ्तार पकड़
जागरण संवाददाता, औरैया : जनपद में 15 अक्टूबर से शुरू हुई धान खरीद धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगी है। क्रय केंद्रों पर किसानों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। अजीतमल और औरैया मंडी समिति में किसान तो पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां पर कांटे कम होने के कारण किसानों को भटकना पड़ रहा है। किसानों ने क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग की। उनकी समस्याओं को देखते हुए डिप्टी एआरएमओ ने डीएम को पत्र लिखकर केंद्रों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग की है।
15 अक्टूबर से शुरू हुई धान खरीद के शुरुआती दौर में जिला प्रशासन की ओर से 21 क्रय केंद्र खोले गए थे। खरीद शुरू होने के बाद केंद्र संख्या बढ़ाकर 44 कर दी गई। औरैया और अजीतमल में पिछले सप्ताह से किसानों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने रजिस्ट्रेशन भी कराए हैं, लेकिन अब परेशानी यह आ रही है कि उन्हें एक-एक माह के बाद के टोकन मिल रहे हैं। किसानों का कहना है कि इन दिनों उन्हें रुपयों की सख्त जरूरत है। अगर इतनी देरी से उनका धान खरीदा जाएगा तो उनके सारे काम अटके रह जाएंगे। किसी किसान की बेटी की शादी है तो किसी के भाई की, ऐसे में रुपयों की जरूरत के चलते वह प्राइवेट आढ़त पर अपना धान बेंचने को मजबूर हो रहे हैं। कई किसानों ने उच्चाधिकारियों से क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग की है। किसानों की समस्या को देखते हुए डिप्टी एआरएमओ ने डीएम अभिषेक सिंह को पत्र लिखकर संख्या बढ़ाए जाने की मांग की है, जिससे किसानों को परेशानी न हो। डिप्टी एआरएमओ ने बताया कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो दी जाएगी। अगर किसी को परेशानी है तो वह कंट्रोल रूम में सूचना दे सकते हैं, जिस पर उनका त्वरित निस्तारण किया जाएगा।