आमजन व बेजुवानों के लिए खतरा बने शहर के खुले नाले
जागरण संवाददाता औरैया शहर में जल निकासी के लिए बनवाए गए नालों पर पटिया न होने की वज
जागरण संवाददाता, औरैया : शहर में जल निकासी के लिए बनवाए गए नालों पर पटिया न होने की वजह से यह आम लोगों व बेजुवानों के लिए खतरा बने हुए हैं। गहराई अधिक होने की वजह से जानवर इसमें फंस कर घायल होते हैं। समय से जानकारी न होने पर उनकी जान भी चली जाती है। इसके अलावा इनमें पॉलीथिन, कूड़ा कचरा भी पड़ा रहता है। यह इकट्ठा होकर विकराल समस्या का रूप ले लेता है। पानी के निकास में रुकावट आए दिन देखने को मिलती है। हालांकि अब अंडरग्राउंड पाइप डालने का कार्य कराया जा रहा है। सीन-1
जेसीज चौराहा से जालौन रोड पर बना काफी गहरा नाला जगह-जगह खुला पड़ा है। कई लोगों ने अपने आवास के सामने पटिया रखवाई हैं, लेकिन मुख्य मार्ग से बस्ती को जाने वाले मार्ग के किनारे खुला होने से कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है। सड़क पर फैलने वाला कूड़ा पन्नी आदि हवा में उड़कर इसमें पहुंच जाता है। यह एकत्रित होकर जल निकासी में बड़ी समस्या बनकर उभरता है। कूड़ा कचरा के सड़ने से उठने वाली दुर्गंध वहां रहने वालों के लिए बेहद कष्टदाई है। सीन-2
जेसीज चौराहा पर भी ऐसी ही स्थिति है। लोगों ने बताया कि दिसंबर माह में कोहरे के समय एक दूधिया अरविद मय मोपेड के इसमें गिर गया था। चूंकि हादसा हम लोगों के सामने का था तो आनन फानन उसे निकाल लिया। रात्रि के समय यदि कोई घटना होती तो जान भी जा सकती है। कई बार यहां पर आवारा जानवर भी गिरकर घायल हो चुके हैं। सीन-3
जिला अस्पताल के बाहर भी यही नजारा देखने को मिला। नाला में पत्तल दोने भी दिखाई पड़े। अभी तक यहां टीबी अस्पताल चल रहा था। कुछ समय पहले ही वह सौ शैय्या में पहुंच गया है। कई बार सांड़ आपस में भिड़कर इसमें गिर चुके हैं। तिलक नगर को जाने वाली गली के दोनों साइड भी पटिया नहीं रखी हैं। इससे बाइक सवारों के लिए भी खतरा है। सीन -4
कानपुर रोड पर होंडा एजेंसी के बगल से आर्य नगर को जाने वाली सड़क कुछ माह पूर्व ही बनवाई गई थी। इसके किनारे बना नाला पूरा खुला हुआ है। इसमें दिसंबर माह में पड़े कोहरे के समय गाय की छोटी बछिया गिरकर मर गई। लोगों को दुर्गंध उठने पर जानकारी हुई। एक गाय को नाला तोड़कर सफाई कर्मियों ने बमुश्किल निकाला था। क्या कहते हैं जिम्मेदार
इस संबंध में जानकारी नहीं है। अगर शहर के नाले खुले हैं तो उन्हें बंद करावाया जाएगा।
अनीता शुक्ला, ईओ नगर पालिका