बाढ़ के कारण रुकी खेप से महंगा हुआ प्याज
जागरण संवाददाता औरैया बाढ़ के कारण महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से आने वाले प्याज की खेप
जागरण संवाददाता, औरैया : बाढ़ के कारण महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से आने वाले प्याज की खेप नहीं आ पा रही है। जिले में भी बढ़े व्यापारियों ने प्याज डंप कर लिया है। जिससे प्याज के दाम आंसू निकालने लगे हैं। प्रशासन डंप की बात नकार रहा है और महाराष्ट्र से खेप आने पर प्याज के सस्ते होने की उम्मीद जता रहा है। बाजार में प्याज 80 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
वैसे तो इन दिनों सभी सब्जियों के दामों में खासा इजाफा हुआ है, लेकिन प्याज के दाम सातवें आसमान पर हैं। इस सीजन में नासिक, मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र से प्याज आता है। बाढ़ के कारण इन दिनों प्याज नहीं आ पा रहा है। प्याज की खेप न आने से कई व्यापारियों ने प्याज को डंप कर लिया। मंहगाई के कारण लोग प्याज कम खरीद रहे है। इस कारण फुटकर सब्जी विक्रेता पहले जहां पचास-पचास किलो प्याज खरीद कर ले जाते थे। अब वे 10-15 किलो ही ले जाते हैं। दुकानदार दिलीप कुमार ने बताया कि मंहगाई के कारण अब वह मंडी से कम सब्जी लेकर आते हैं। मंहगाई के चलते ग्राहक भी कम प्याज लेते हैं। हाल ये है कि 10-15 किलो में भी प्याज बच सकता है, जो दो-तीन दिन में बिकता है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अगले 10-15 दिन में फिर से महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश से प्याज आने लगेगा।जिसके बाद दामों में गिरावट होगी। क्या कहते हैं जिम्मेदार
महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से इन दिनों प्याज नहीं आ पा रहा है। जल्द ही प्याज की खेप जिले में आने की उम्मीद है। डंप किसी ने नहीं किया है। खेप आनी शुरु होते ही दाम फिर गिर जाएंगे - अनूप चतुर्वेदी, जिला उद्यान अधिकारी