टोल प्लाजा पर वाहनों की संख्या घटी, एंबुलेंस की बढ़ीं
संवाद सहयोगी अजीतमल वैश्विक महामारी कोविड-19 का असर हाईवे पर भी देखने को मिल रहा ह
संवाद सहयोगी, अजीतमल: वैश्विक महामारी कोविड-19 का असर, हाईवे पर भी देखने को मिल रहा है। अनंतराम टोल प्लाजा से निकलने वाले वाहनों की संख्या आधे से भी कम हो गई हैं। वहीं एंबुलेंस की संख्या बढ़ी हैं। इसके मद्देनजर टोल प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए एंबुलेंस निकलने पर लेन सहित आसपास के क्षेत्र को सैनिटाइज कराना शुरू किया है। कोरोना की दूसरी लहर को रोकने को टोल प्लाजा कर्मी अत्यंत गंभीर हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित अनंतराम टोल प्लाजा से निकलने वाले वाहनों की संख्या करीब पचास प्रतिशत की कमी आंकी जा रही है। वाहनों की संख्या तीन मई के बाद निरंतर घटना शुरू हो गई है। पहले जहां प्रतिदिन (तीनों शिफ्ट में) करीब 16 से 17 हजार के बीच वाहन निकल रहे थे। वहीं अब कुल वाहनों की संख्या आठ हजार भी नहीं। टोल प्लाजा से निकलने वाली एंबुलेंस की संख्या
सीमित थी। हर दिन आठ से 10 एंबुलेंस ही निकलती थीं। अब रोजाना तीन गुनी एंबुलेंस निकती हैं। टोल प्रशासन की ओर से आने-जाने वाली दोनों लाइनों पर एक-एक बूथ को रिजर्व रखा गया है। ताकि कोई व्यवधान न आने पाए। टोल प्लाजा अनंतराम के डीजीएम सत्यवीर यादव ने बताया कि वाहनों की संख्या में गिरावट है।
-------
टोल प्लाजा के कई कर्मी बीमार:
अनंतराम टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों में ज्यादातर बीमार होने से खलबली है। हालांकि, किसी कर्मचारी के अभी तक कोविड संक्रमित होने की पुष्टि नहीं हो सकी है। जबकि, बुखार व सर्दी-जुकाम की शिकायतें ज्यादा है। इसके मद्देनजर सैनिटाइजेशन, फेस शील्ड व शारीरिक दूरी का पालन सख्ती से किया जा रहा है।