अब साढ़े सात घंटे में पहुंचिए दिल्ली
जागरण संवाददाता, औरैया : औरैया डिपो से यमुना व आगरा एक्सप्रेस-वे पर बसों का संचालन शुरू क
जागरण संवाददाता, औरैया : औरैया डिपो से यमुना व आगरा एक्सप्रेस-वे पर बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इसके चलते यहां से दिल्ली के बीच की दूरी में काफी कमी आई है। यही कारण है कि शहर से दिल्ली का किराया भी काफी कम हो गया है। अब यात्री सिर्फ साढ़े सात घंटे में यहां से दिल्ली पहुंच जाएंगे। जबकि पूर्व में अधिक किराए के साथ समय भी अधिक लगता था।
पूर्व में औरैया डिपो की बसें आगरा, अलीगढ़ होते हुए दिल्ली जाती थीं, लेकिन अब डिपो में नई व्यवस्था लागू की गई है। औरैया से इटावा, जसवंतनगर व कसौटी होकर यमुना व आगरा एक्सप्रेस-वे से दिल्ली के लिए पांच बसें चलाई गई हैं। पूर्व में शहर से दिल्ली के बीच की दूरी 410 किमी थी अब यह घटकर 400 किलोमीटर रह गई है। इसके चलते किराया भी 469 से घटाकर 409 रुपये कर दिया गया है। पूर्व में बसें यह सफर साढ़े नौ घंटे में पूरा करती थी। लेकिन अब साढ़े सात घंटे में सफर पूरा हो जाएगा। औरैया व आगरा के लिए भी एक्सप्रेस-वे से होकर पांच बसें चलने लगी हैं। अब शहर से यात्री चार घंटे में आगरा पहुंच जाएंगे। पहले यह सफर साढ़े पांच घंटे में पूरा होता था। अब औरैया व आगरा की दूरी 206 किमी से घटकर 204 किमी रह गई है। किराया 228 रुपये से घटाकर 215 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा औरैया से बेला, दिबियापुर, तिर्वा, कन्नौज होकर आगरा एक्सप्रेस-वे से लखनऊ के लिए पांच गाड़ियां शुरू की गई हैं। अब औरैया से लखनऊ का सफर साढ़े चार घंटे की जगह तीन घंटे में पूरा हो जाएगा और दूरी 192 किमी से घट कर 161 किमी रह गई है। किराया 205 रुपये से घटाकर 187 रुपये कर दिया गया है। क्या कहते हैं जिम्मेदार
एआरएम हरिश्चन्द्र वर्मा ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इसलिए दूरी कम होने से किराए में भी मुख्यालय के आदेश पर कमी की गई है। यात्रियों को इसका दोहरा लाभ मिलेगा। वह कम किराया लगने के बावजूद कम समय में गंतव्य तक पहुंच जाएंगे। उन्होंने यात्रियों से इसका लाभ उठाने को कहा।