सभ्य समाज में भी सुरक्षित नहीं बहू-बेटियां
जागरण संवाददाता, औरैया : सरकारें सभ्य समाज के स्थापना के लिए प्रयास कर रही हैं। नारी स
जागरण संवाददाता, औरैया :
सरकारें सभ्य समाज के स्थापना के लिए प्रयास कर रही हैं। नारी सशक्तिकरण के लिए कई अभियान चलाए जा रहे हैं। बहू बेटियों को सशक्त करने के लिए योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन हो इसके लिए तेजी से कार्य चल रहा है। लेकिन समाज में आज भी बहू बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रतिदिन दहेज उत्पीड़न, दुष्कर्म, छींटाकशी व छेड़छाड़ सहित अन्य कई मामले जनपद के थानों और कोतवाली में दर्ज किये जाते हैं। थानों व कोतवाली में प्रतिदिन दर्ज होने वाले मामलों में ऐसे मामले दस फीसद से अधिक होते हैं। शुक्रवार को ही जनपद के अलग-अलग थानों में दहेज उत्पीड़न के दो मामले व छींटाकशी व छेड़छाड़ के कई मामले दर्ज हुए।
एक लाख न देने पर हत्या का प्रयास
औरैया : शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दयालपुर निवासी सकूर अली ने अपनी पुत्री रुकसाना का विवाह इटावा थाना बकेवर के अहेरीपुर गांव निवासी मुन्ना अली के पुत्र सोनू अली के साथ मार्च 2015 में किया था। शादी के कुछ दिन बाद से ही रुकसाना के ससुरालीजन उससे मायके से एक लाख रुपये मंगाने का दबाव बनाने लगे। इस पर उसने अपने मायके में पिता आदि से बात की। जिस पर उन्होंने एक लाख रुपये देने में असमर्थता व्यक्त की। इस पर रुकसाना ने अपने पति व अन्य ससुरालीजनों को समझाने का प्रयास किया और कुछ समय मांगा। इसके बाद ससुरालीजन कुछ दिन शांत रहे और बाद में फिर उसे परेशान करने लगे। रुकसाना ने जब इसका विरोध किया तो गत तीन दिसंबर को ससुरालीजनों ने उन पर केरोसिन डालकर जलाकर मारने का प्रयास किया। उसने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई और मायके आकर परिजनों को पूरी बात बताई। शुक्रवार को रुकसाना की तहरीर पर पति सोनू अली, ससुर मुन्ना अली, सास रहीसन बेगम, ननद रेशमा व सोनम, चचिया ससुर रहीश के खिलाफ महिला थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला थानाध्यक्ष नीलम पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाला
औरैया : फफूंद थाना क्षेत्र के गांव भैंसोल निवासी कृष्ण कुमार पुत्र बाबूराम ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसने अपनी पुत्री बबली का विवाह कानपुर देहात थाना झींझक क्षेत्र के मोहल्ला इंदिरा नगर में किया था। पिछले कुछ दिनों से पुत्री बबली को ससुरालीजन मारपीट कर उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। कई बार समझाने के बाद भी ससुरालीजनों ने उसका उत्पीड़न करना बंद नहीं किया। गत 3 जनवरी को ससुरालीजनों से बच कर अपने मायके आ गई। कृष्ण कुमार की तहरीर पर बबली के पति राघवेंद्र, सास सरोज, ससुर नाथूराम, ननद कामना, कंचन व देवर देवेंद्र के खिलाफ फफूंद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें बाइक व सोने की चेन न देने पर उत्पीड़न करने आरोप लगाया गया। फफूंद थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
छेड़छाड़ करते एक गिरफ्तार
औरैया : शहर कोतवाली के एसआई नीरज त्रिपाठी ने शहर के मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी महेश यादव पुत्र नत्थू ¨सह को जालौन चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किया गया महेश वहां से निकलने वाली युवतियों व महिलाओं छेड़छाड़ कर रहा था। आसपास के लोगों ने बताया कि वह अक्सर वहां खड़े होकर महिलाओं युवतियों के साथ छींटाकशी करता है।