देवी मंदिरों पर रही माता रानी के जयकारों की गूंज
जागरण संवाददाता, औरैया : नवरात्र के पांचवें दिन गुरुवार को मां स्कन्द माता की आराधना की गइ
जागरण संवाददाता, औरैया : नवरात्र के पांचवें दिन गुरुवार को मां स्कन्द माता की आराधना की गई। मां की पूजा अर्चना के साथ ही घरों व मंदिरों में कन्या भोज का कार्यक्रम शुरू कर दिया गया। जनपद के देवी मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ में इजाफा होने लगा है। जनपद के बीहड़ स्थित मां मगला काली मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला भोर से ही शुरू होने लगता है। शहर के बड़ी माता मंदिर व काली देवी मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लग जाता है।
शहर के आवास विकास स्थित काली मंदिर लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। शहर के लोग सबसे अधिक संख्या में यहां पहुंचते हैं। सुबह से ही यहां पर महावीरगंज, नरायनपुर, ब्रह्मनगर व बदनपुर से आने वाले रास्तों पर महिलाएं जाती हुई दिखाई देती हैं। महिलाओं की टोलियां मां के गीतों को गाते हुए जब रास्तों से निकलती हैं तो भक्ति की बयार बहने लगती है। काली माता मंदिर में धीरज उपाध्याय ने मां का श्रंगार कर आरती की। फूलमती मंदिर में भी शहर के श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। यहां पर बाजार होने के चलते जरा सी देर में ही सैकड़ों श्रद्धालु एकत्र हो जाते हैं। इन दोनों देवी मंदिरों में शाम को आरती के समय सड़कें भी पूरी तरह से भर जाती हैं। इस दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो जाता है। सभी श्रद्धालु मां की आरती गाते हुए तालियों की थाप से वातावरण को गुंजायमान कर देते हैं। इसके अलावा शहर के प्राचीन बड़ी माता मंदिर पर विशेष पूजा अर्चन का कार्यक्रम नवरात्र भर चलता है। नरायनपुर स्थित गमा देवी मंदिर, ¨वध्यवासिनी मंदिर, जेसीज चौराहे स्थित काली देवी मंदिर व मंगलाकाली मंदिर में इस दौरान मेला जैसा रहता है। यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके अलावा जनपद के बिधूना, दिबियापुर, फफूंद, बाबरपुर, एरवाकटरा, सहार, बेला आदि कस्बाई क्षेत्रों में भी देवी मंदिरों पर पूजन अर्चन का कार्य चल रहा है। जनपद में दिबियापुर स्थित महामाई मंदिर में भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ पहुंच रही है। गुरुवार को स्कंदमाता की पूजा अर्चना के बाद कन्या भोज कराये जाने का सिलसिला शुरू हो गया।