सुबह हुई बूंदाबांदी, तेज हवा से सरसों की फसल प्रभावित
जासं औरैया मौसम में परिवर्तन बना हुआ है। इस बदले मिजाज ने किसानों की परेशानी बढ़ाई है।
जासं, औरैया: मौसम में परिवर्तन बना हुआ है। इस बदले मिजाज ने किसानों की परेशानी बढ़ाई है। शनिवार को जहां रुक-रुक कर बारिश हुई, वहीं शनिवार सुबह कोहरा घना रहा व बूंदाबांदी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। इसके अलावा तेज हवा की वजह से सरसों की फसल खेतों में पट हो गई। जिस कारण दिक्कतें और बढ़ी हैं। न्यूनतम तापमान छह और अधिकतम 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हवा के करवट लेने की वजह से मौसम में बदलाव बना हुआ है। कृषि व मौसम विज्ञानी की ओर से बारिश के आसार आगे भी जताए जा रहे। शीतलहर ने यहां परेशानी बढ़ाने का कार्य किया गया है। शुक्रवार की रात से आसमान में छाए बादल देरी से बरसे, शनिवार को सुबह 10 बजे तक यह सिलसिला जारी रहा। रविवार की सुबह भी बूंदाबांदी कई क्षेत्रों में हुई। इसके बाद सर्द हवा तेज रही। वहीं, आसमान साफ हुआ लेकिन राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बादल की वजह से अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, फसलों पर पड़े असर से किसानों की परेशानी बढ़ी है।
-------------
लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति, धान पर डाली तिरपाल
तेज हवा के चलते जहां सरसों की फसल खेतों पर गिरी पड़ी मिली, वहीं कई जगह फाल्ट की शिकायत होने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। शहर के फीडर नंबर एक को रह-रह कर बंद करना पड़ा। जिससे पूरे दिन उपभोक्ता परेशान नजर आए। दूसरी ओर औरैया नवीन मंडी परिसर के अलावा अन्य खरीद केंद्रों में रखी धान को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल डाली गई। जिला विपणन अधिकारी सुधांशु शेखर चौबे का कहना है कि सभी केंद्र प्रभारियों को सजग किया गया है। बावजूद इसके यदि धान बारिश से भीग जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।