हैंडपंप खराब, पंचायत के सहारे मिल रहा पानी
संवादसूत्र रुरुगंज विकासखंड बिधूना के कस्बा रुरुगंज में भीषण गर्मी में काफी दिनों से गांव म
संवादसूत्र, रुरुगंज :
विकासखंड बिधूना के कस्बा रुरुगंज में भीषण गर्मी में काफी दिनों से गांव में लगे हुए कई इंडिया मार्का हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। इससे लोगों को पीने के शुद्ध पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कस्बा में लगे 21 हैंडपंपों ने पानी देना बंद कर दिया है। पानी का संकट देख महिलाओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्राम पंचायत द्वारा टैंकर से घर-घर जाकर जनता को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। पानी की कमी से लोगों की दिनचर्या पर प्रभाव पड़ा है।
कस्बा रुरुगंज के लोगों ने बताया कि कस्बा में लगे 21 इंडिया मार्का हैंडपंप व घरों में लगे एक सैकड़ा हैंडपंप व समरसेबिल ने पानी देना बंद कर दिया है। ग्राम पंचायत द्वारा खराब पड़े हैंडपंपों की जांच कराकर जल निगम को भेज दी है। कई दिन बीत जाने के बाद भी जल निगम कर्मियों द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से लोगो मे रोष व्याप्त है। हैंडपंप के खराब होने के बाद लोगों ने इसकी शिकायत ग्राम प्रधान से की, ग्राम प्रधान द्वारा लिखित में जनपदीय प्रशासन को जानकारी दे दी गई है, लेकिन अभी तक नल ठीक नहीं कराए जा सके हैं। उनके खराब होने के कारण पीने के लिए पानी के लिए भी ग्रामीणों को पूरे गांव में भटकना पड़ रहा है। यही नहीं अराजक तत्व इन खराब पड़े हैंडपंपों का सामान भी चुरा ले गए हैं। कई स्थानों पर तो केवल नल के पाइप दिखाई दे रहे हैं। बाकी सारा सामान चोर उड़ा ले गए हैं। ग्राम प्रधान द्वारा द्वारा पुलिस से शिकायत दर्ज कराई गई है। हालत यह है अब पीने के पानी के लिए भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है खराब पड़े हैंडपंपों को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को ऐसी भीषण गर्मी में पीने के लिए शुद्ध पानी मिल सके। ग्राम प्रधान कांती देवी राजपूत ने बताया कि हैंडपंपों के खराब होने से जनता पर अकस्मात मुसीबत बढ़ी है। जल निगम को खराब नलों की रीबोर सूची भेज दी गई है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई न हुई है।