गणपति बप्पा, अगले बरस तू जल्दी आना..
जागरण संवाददाता, औरैया : जनपद में पिछले एक पखवाड़े से चल रहा गणेश महोत्सव अब समापन की ओ
जागरण संवाददाता, औरैया : जनपद में पिछले एक पखवाड़े से चल रहा गणेश महोत्सव अब समापन की ओर हैं। कहीं विसर्जन यात्रा, तो कहीं भंडारे के आयोजन चल रहे हैं। इसी क्रम में शहर के विभिन्न मोहल्लों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं की विसर्जन यात्राएं धूमधाम से निकाली गईं। मार्गों से निकली यात्रा का नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इसमें श्रद्धालु युवा, बच्चे, महिलाओं ने अबीर, गुलाल उड़ाकर खुशियां बांटी।
रविवार को शहर के मोहल्ला आवास विकास स्थित पंडाल से गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा कानपुर रोड, सुभाष चौक, दिबियापुर रोड होते हुए नहर पर पहुंची। जहां भगवान गणेश, रिद्धि, सिद्धि प्रतिमाओं का शास्त्रोक्त विधि से विसर्जन किया गया। यात्रा का शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर जगह-जगह स्वागत किया। यात्रा में चल रहे बाल,युवा, महिला व पुरुष श्रद्धालु भक्ति धुनों पर थिरकते नजर आए। उधर शहर के मोहल्ला ओमनगर से भी यात्रा निकाली गई जो सुभाष चौक, तहसील तिराहा पहुंची। यहां होमगंज में स्थापित गणेश प्रतिमा की यात्रा भी निकाली गई। दोनों यात्राएं एक साथ नहर तक पहुंची। जहां गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। यात्रा में अवनीश अवस्थी, केपी ठाकुर, भोलू, रामजी, मुनि तिवारी, अंकुर अवस्थी, प्रतीक्षा, शिल्पी, गुडडी, पदमा, चंपा मिश्रा, गायत्री दीक्षित, अंकिता त्रिवेदी आदि सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। विसर्जन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें नगर के श्रद्धालुओं ने प्रसाद छका।