खेत हो या सड़क, बारिश में सब जलमग्न
जागरण संवाददाता औरैया/कंचौसी दो दिन लगातार हुई बारिश से सड़क से लेकर खेत तक लोगों
जागरण संवाददाता, औरैया/कंचौसी: दो दिन लगातार हुई बारिश से सड़क से लेकर खेत तक लोगों को मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण वह परेशान हैं। वहीं खेतों में खड़ी बाजरा, तिल व मूंग की फसल बर्बादी की ओर है। किसानों के सामने संकट खड़ा है कि आखिर अब गुजर-बसर कैसे होगी। उनका दर्द है कि जब जरूरत थी तब पानी नहीं बरसा। अब अधिक बरसात के कारण फसल खराब हो रही है।
कंचौसी में बृजेश, मुकेश व योगेश की संयुक्त रूप से सात बीघा खेती है। इस बार उन्होंने बाजरा की फसल बोई थी। जब पानी की जरूरत थी तब मिला नहीं और अब पानी ने उनकी पूरी फसल बर्बाद कर दी है। अधिक बरसात के कारण फसल खेतों पर बिछ गई है और जलभराव होने से खेत डूब गए हैं। मोहल्लों में दो से तीन फुट तक पानी भर गया है। घरों से अब लोगों का निकलना तक मुश्किल हो गया है। जलनिकासी न होने से यह दिक्कत आई है। इसके अलावा जिले के कई कस्बों में जलभराव है। किसानों की मक्का, मूंग, उड़द, बाजरा व तिल की फसल पूरी तरह से बर्बादी की ओर है। मक्का की फसल पीली पड़ गई है। जिससे मक्का का दाना बेकार हो रहा है। कुछ जगह किसानों ने मक्का तोड़ ली है। अधिकतर जगह इसकी फसल बर्बाद हो रही है। मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार का कहना है कि दो अक्टूबर से ही मौसम सामान्य होगा। रविवार को कुछ जगह हल्की बारिश हुई। सोमवार को बारिश होने की संभावना है।