फंदे पर लटका मिला युवक का शव
जागरण संवाददाता औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में लगे टें
जागरण संवाददाता, औरैया: सदर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में लगे टेंट से युवक का शव गुरुवार की देर रात फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवा कब्जे में लिया। शिनाख्त होने पर पंचनामा भरवा पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्या है या खुदकुशी, दोनों बिदुओं पर पुलिस जांच कर रही।
कानपुर देहात जनपद के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के गांव लच्छा निवादा निवासी 24 वर्षीय रामजी पुत्र विजय पाल शहर के हाईवे रोड स्थित दिव्यांशी गेस्ट हाउस में देखरेख का काम करता था। गेस्ट हाउस में ही उसका चचेरा भाई श्यामजी भी काम करता है। गुरुवार की देर रात रामजी का शव टेंट के सहारे फंदे पर लटका मिला। यह देख श्यामजी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीखने की आवाज सुन स्टाफ के लोग पहुंचे। उन्होंने निझाई चौकी व सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर निझाई चौकी इंचार्ज प्रशांत कुमार पहुंचे। उन्होंने जांच-पड़ताल की। मृतक का मोबाइल फोन चेक किया तो आखिरी काल में उसकी पत्नी का मोबाइल नंबर था। पुलिस ने चचेरे भाई से घटना के बाबत जानकारी की। उसने बताया कि रामजी का उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद था। वह तनाव में रहता था। घटना के दिन भी वह परेशान था। प्रशांत कुमार ने बताया कि हत्या कर शव फंदे पर लटकाया गया है या फिर युवक ने खुदकुशी की है, दोनों बिदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, स्वजन को घटना की जानकारी दी गई है। तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी।