जेब की कड़की दूर करेगा 'कड़कनाथ'
अंकित शुक्ला, औरैया : सोने का अंडा देने वाली मुर्गी की कहावत तो आपने सुनी ही होगी। चलिए, आ
अंकित शुक्ला, औरैया : सोने का अंडा देने वाली मुर्गी की कहावत तो आपने सुनी ही होगी। चलिए, आज हम आपको इससे भी एक कदम आगे लेकर चलते हैं। आज से पहले शायद ही दुर्लभ प्रजाति के कड़कनाथ मुर्गा के बारे में सुना हो। सामान्य प्रजाति के मुर्गे की अपेक्षा इसकी कीमत सात गुना तक अधिक है। ऐसे में मुर्गी पालन के व्यवसाय से जुड़े लोगों को कड़कनाथ मुर्गा मालामाल कर सकता है।
जिले में पहली बार इस प्रजाति के मुर्गे की फार्मिग के लिए महिलाओं को प्रोत्साहित करने की योजना बनाई जा रही है। मॉडल के तौर पर अछल्दा विकासखंड के बलखंडपुर गांव में बैकयार्ड पोल्ट्री परियोजना के तहत बेबी नोडल मुर्गी उत्पादक समूह ने कड़कनाथ प्रजाति के मुर्गो का पालन शुरू किया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत यह कार्य किया जा रहा है। डिस्ट्रिक रिसोर्स पर्सन (डीआरपी) आशीष ने बताया कि इस प्रजाति का मुर्गा चार माह में तैयार हो जाता है, जिसका वजन डेढ़ से सवा दो किलो तक होता है। बाजार में इसका दाम 500 से 900 रुपये प्रति किलो और अंडे का दाम 50 रुपये के आसपास रहता है। अछल्दा ब्लाक के सभी समूहों को 25-25 चूजे दिए जाएंगे। जिससे उन लोगों की आजीविका में वृद्धि होगी।
काला होने से कहलाया कालीमासी
कड़कनाथ को कालीमासी भी कहा जाता हैं क्योंकि इसका मांस, चोंच, जुबान, टांगें, चमड़ी आदि काले रंग की होती है। दिल और डायबिटीज के रोगियों के लिए इस मुर्गे का मांस बेहतरीन दवा है। परियोजना के नोडल प्रभारी आशीष शुक्ला, सर्वेश दीक्षित ने बताया कि कड़कनाथ नस्ल के मुर्गे के मांस और अंडे में सामान्य प्रजाति के मुर्गे की तुलना में उच्च गुणवत्तायुक्त प्रोटीन, वसा का कम स्तर, कोलेस्ट्रोल का कम स्तर, खनिज तत्व और विटामिन प्रचुर मात्रा में होता है।
इसके हैं तीन रूप
कड़कनाथ मुर्गे की प्रजाति के तीन रूप होते हैं। पहला जेड ब्लैक होता है, इसके पंख पूरी तरह से काले होते हैं। दूसरा पेंसिल्ड होता है, इस मुर्गे का आकार पेंसिल की तरह होता है। तीसरा गोल्डन कड़कनाथ होता है, इसके पंख पर गोल्डन छींटे दिखाई देते हैं। समान्य प्रजाति से अंतर
पोषक तत्व सामान्य प्रजाति कड़कनाथ प्रजाति
प्रोटीन 10-12 फीसद 15-50 फीसद
वसा का स्तर 13-25 फीसद 0.7-1.5 फीसद
कोलेस्ट्रोल का स्तर उच्च निम्न
विटामिन बी निम्न उच्च
मांस का रेट 150 रुपये 900 रुपये प्रति किलो तक
अंडे का रेट 5 से 6 रुपये 40 से 50 रुपये