उच्च प्राथमिक विद्यालय में पानी को तरस रहे बच्चे
संवाद सूत्र, सहार: विकासखण्ड की ग्राम पंचायत लखुनो के उच्च प्राथमिक विद्यालय में 89 छात्र व छात्रा
संवाद सूत्र, सहार: विकासखण्ड की ग्राम पंचायत लखुनो के उच्च प्राथमिक विद्यालय में 89 छात्र व छात्राएं पंजीकृत हैं। जिनको पानी पीने के लिए विद्यालय मे सिर्फ 1 नल लगाया गया है। वह भी कई महीनों से खराब पड़ा है। भीषण गर्मी में पानी की बड़ी समस्या बनी हुई है। सरकारी हैंडपम्प की मरम्मत का कार्य प्रधान द्वारा नहीं कराया गया। जबकि विद्यालय के बच्चे इस भीषण गर्मी मे विद्यालय से 500 मीटर दूर से अपनी- अपनी बोतलों में पानी भरकर लाते हैं। खाना खाने के बाद वहीं पानी पीने जाते हैं। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रामकिशोरी व सहायक अध्यापक जगदीश नरायण ने कई बार ग्राम प्रधान को लिखित सूचना दी। इसके बाबजूद ग्राम प्रधान द्वारा बच्चों के प्रति ध्यान नहीं दिया गया। विद्यालय का हैंडपम्प खराब होने से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। बच्चे पढ़ाई छोड़कर अपनी प्यास बुझाने विद्यालय से दूर पानी पीने को जाते हैं। विद्यालय में सिर्फ एक ही हैंडपम्प है वह भी बिलकुल जर्जर पड़ा है। प्रशासन मूक दर्शन बनकर देखता रहता है। प्रशासन की अनदेखी के कारण कई ऐसे विद्यालय हैं जिनमें ऐसी कई समस्याएं बनी हुई हैं। एडीओ पंचायत प्रवीण राजपूत ने बताया कि अध्यापकों द्वारा प्रधान को सूचना दी गई। लेकिन आज तक प्रधान व सचिव द्वारा अवगत नहीं कराया गया। बच्चों की समस्या का जल्द से जल्द निवारण किया जाएगा।