छाई रही बदली, मौसम हुआ सुहावना
जागरण संवाददाता, औरैया: लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से आखिरकार रविवार थोड़ी राहत मिल
जागरण संवाददाता, औरैया: लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से आखिरकार रविवार थोड़ी राहत मिल गई है। सुबह के समय तेज धूप रही, दोपहर बाद बदली छा गई। जिससे मौसम में ठंडक हुई। रविवार को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि हवाएं 11 किलो मीटर की रफ्तार से चली हैं। दोपहर बाद छाये काले बादलों के साथ चली तेज धूल भरी हवाओं ने भले ही थोड़ी परेशान खड़ी की हो लेकिन मौसम को और सुहावना कर दिया।
तेज धूप व उसम भरी गर्मी से शहरवासियों का बुरा हाल है। पिछले एक माह शहरवासी भीषण गर्मी का सामना कर रहे थे लेकिन रविवार को दोपहर बाद हुई बदली से काफी राहत मिली है। सुबह के समय तो तेज धूप के कारण लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकले। दोपहर बारह बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा लेकिन बदली छा जाने के बाद चहल-कदमी दिखाई पड़ी। तेज हवाओं के कारण मौसम में ठंडक हो गई। वहीं तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति बंद हो गई। लोग पेड़ों के नीचे बैठकर मौसम का मजा लेते नजर आए। रविवार को तापमान में गिरावट हुई। अधिकतम तापमान 42 एवं न्यूनतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 28 जून के बाद बारिश के आसार बन रहे हैं। वहीं उत्तरी-पूर्वी हवाएं बारिश लाने का का काम करेंगी।