नगर पंचायत की बेशकीमती भूमि को कब्जामुक्त कराया
- सपा शासन काल में किया गया था कब्जा फोटो - 17 संवाद सहयोगी बिधूना सपा शासनकाल में दबंगो
- सपा शासन काल में किया गया था कब्जा
फोटो - 17
संवाद सहयोगी, बिधूना : सपा शासनकाल में दबंगों द्वारा नगर पंचायत की बेशकीमती भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को नगर पंचायत एवं तहसील प्रशासन ने पुलिस मदद से ढहा दिया। जमीन कब्जामुक्त होने से अवैध कब्जाधारकों में रोष है। नगर पंचायत की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने से पूर्व तहसील प्रशासन द्वारा कई बार भूमि की पैमाइश करा कर अतिक्रमणकर्ताओं को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था।
मंगलवार को नायब तहसीलदार अभिनव वर्मा, कानूनगो संदीप सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल योगेश कुमार शाक्य, नगर पंचायत के अतिक्रमण प्रभारी मनोज चतुर्वेदी की संयुक्त टीम ने पुलिस बल के साथ जेसीबी की मदद से भूमि संख्या 214 पर दबंगों द्वारा नींव भरकर किये गये अवैध कब्जों को हटवाया। उप जिलाधिकारी राशिद अली खान ने कहा कि नगर पंचायत की भूमि पर बने बीरा कुलम विद्यापीठ को भी कब्जे में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बताया जाता है कि 214 भूमि संख्या के छह बीघे से अधिक रकबे पर सपा शासन काल में एक दशक पूर्व डाक्टर घनश्याम सिंह सेंगर, राजकुमार यादव, केशवेंद्र सिंह यादव, सुखवीर सिंह यादव द्वारा अवैध कब्जा कर नींव भरवा दी गयी थी। नगर पंचायत एवं तहसील प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से नगर में अवैध अतिक्रमण कर्ताओं में हड़कंप मचा है। इससे दो वर्ष पूर्व भी नगर पंचायत एंव तहसील प्रशासन ने भूमि संख्या 191- 203 के रकबे पर दबंगों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को हटवा दिया गया था।