वीडियो कॉल पर आशीर्वाद लेकर तोड़ा करवाचौथ व्रत
जागरण संवाददाता पति-पत्नी का प्रेम देखना है तो करवाचौथ पर देखिए जनाब। नेवी में तैनात पति जब
जागरण संवाददाता : पति-पत्नी का प्रेम देखना है तो करवाचौथ पर देखिए जनाब। नेवी में तैनात पति जब घर नहीं आ सका तो पत्नी ने वीडियो कॉल कर पति का आशीर्वाद लेकर व्रत पूरा किया।
ऐली रुरुगंज निवासी मोहित सिंह राठौर नेवी में हैं। इस समय वह अंडमान निकोबार में तैनात हैं। इस कारण करवाचौथ को वह घर नहीं आ सके। उनकी पत्नी मेघा सिंह ने व्रत रखा तो चांद निकलते ही वीडियो कॉल से पति व चांद दोनों का दीदार किया। साथ ही पति का आशीर्वाद लेकर व्रत पूरा किया। इसके अलावा पूरे जनपद में करवाचौथ पर गुरुवार को सुहागिनों ने निराहार व्रत रखकर अपने पति के लिए दीर्घायु की कामना की। शास्त्रों के मतानुसार भारत वर्ष की नारी शक्ति के लिए यह बहुत ही पवित्र व्रत है। यह व्रत की परंपरा युगों से चली आ रही है। सुहागिनों ने निराहार व्रत रखकर शाम को भगवान गणेश का पूजन, चंद्र दर्शन कर अर्घ्य देकर बनाए गए पकवानों से देवताओं का भोग अर्पण किया। इसके बाद अपने पूरे जीवन सुहागिन रहने के आशीष की कामना करते हुए प्रसाद ग्रहण कर व्रत पूर्ण किया। नव विवाहिताओं ने तरह-तरह से मेंहदी, आभूषणों व लहंगा चुनरी धारण पूर्ण हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाया। घरों में पूजन अर्चन के समय उनके पतियों ने भी व्रत में पूरा सहयोग किया और भगवान गणेश से जीवन पर्यन्त साथ निभाने की शपथ ली। पूजा के समय पूरा नगर आतिशबाजी की गूंज से गुंजायमान हो गया। देर रात तक आतिशबाजी चलाकर खुशियां मनाई गईं।