बाइक सवार बदमाशों ने दंपती को पीटा, जेवरात लूटे
संवाद सहयोगी बिधूना ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम हिर्मी के पास सूनसान इलाके में बदमाशों
संवाद सहयोगी, बिधूना : ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम हिर्मी के पास सूनसान इलाके में बदमाशों ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। इसके बाद उनकी पिटाई करते हुए महिला के जेवरात लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की है। पीड़ित ने थाने में मामले की तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किए जाने की बात कही है।
क्षेत्र के बीबीपुर कुदरकोट निवासी उदय प्रताप बुधवार को अपनी पत्नी पूजा के साथ रिश्तेदारी में सौरिख जा रहे थे। तभी कुदरकोट-ऐरवाकटरा मार्ग पर हिर्मी के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित हो जाने से वह सड़क पर गिर गए। बदमाशों ने उनकी पिटाई करते हुए महिला के गले से मंगलसूत्र, चेन व अंगूठी लूट लिए और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित दंपती ने घटना की सूचना ऐरवाकटरा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पीड़ित ने थाने में मामले की तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अवधेश सिंह ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।