नकदी व जेवरात का बैग लेकर ऑटो चालक फरार
जागरण संवाददाता औरैया शहर के हाईवे रोड खानपुर चौराहा पर शुक्रवार की दोपहर एक
जागरण संवाददाता, औरैया : शहर के हाईवे रोड खानपुर चौराहा पर शुक्रवार की दोपहर एक दंपती अपनी पुत्री के साथ ऑटो से उतरे ही थे। उसी समय ऑटो चालक उसका बैग लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी कंट्रोल रूम में दी गई। सूचना पहुंची पुलिस ने ऑटो की तलाश शुरू की। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। जिस पर पीड़ित दंपती पुत्री समेत कोतवाली पहुंचे और मामले की तहरीर दी।
मध्य प्रदेश प्रांत के जनपद भिड निवासी हर सहाय वर्मा पुत्र गोवर्धन लाल वर्मा अपनी पत्नी एवं पुत्री के साथ जनपद औरैया के कस्बा बेला जा रहे थे। वह लोग किसी वाहन से जालौन चौराहा पर उतर गए। इसके बाद वह खानपुर चौराहा जाने के लिए ऑटो पर सवार हुए थे। हाईवे रोड खानपुर चौराहा पहुंचकर जैसे ही वह लोग ऑटो से उतरे। उसी समय चालक उसका बैग लेकर मौके से फरार हो गया। उसके बैग में 10 हजार रुपए नकद के अलावा एक सोने की अंगूठी, एक जंजीर व झुमकी तथा कपड़े आदि रखे हुए थे। इसकी जानकारी पीड़ित ने कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ की। इसके बाद उन लोगों ने ऑटो का पता लगाने का प्रयास किया। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।