सांप के मुंह में अंगूठा डालने पर युवक को तीन बार डसा, वीडियो बनाने के शौक में गले पड़ी आफत, मचा हड़कंप
औरैया के अछल्दा में एक युवक को सांप के साथ वीडियो बनाना महंगा पड़ा, सांप ने उसके हाथ में तीन बार डस लिया।

HighLights
युवक ने सांप के मुंह में अंगूठा डाला, तीन बार डसा।
वीडियो बनाने के चक्कर में युवक ने जोखिम उठाया।
डॉक्टरों ने सांप काटने पर तुरंत इलाज की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, औरैया। अछल्दा में रेलवे क्रासिंग के पास एक युवक को सांप से खिलवाड़ करना भारी पड़ गया। सांप को पकड़कर वीडियो बनाने के दौरान युवक ने उसके मुंह में अंगूठा डाल दिया। इससे सांप ने युवक के हाथ में तीन बार डस लिया। इसके बावजूद युवक ने जिद में उपचार कराने से इनकार कर दिया। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई गई है।
सराय बाजार अछल्दा निवासी ऋषि पोरवाल रेलवे क्रासिंग के पास निकल रहे सांप को पकड़कर उसके साथ वीडियो बनाने लगा। युवक सांप को हाथ में लेकर वीडियो बना रहा था। इसी दौरान उसने उत्साह में सांप के मुंह में अपना अंगूठा डाल दिया। सांप ने तत्काल उसके हाथ में डस लिया।
युवक के अनुसार, सांप ने उसके हाथ में तीन बार डसा। सांप के डसने के बाद भी युवक ने तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने के बजाय उपचार कराने से मना कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल जाने की सलाह दी, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा।
घटना के बाद लोगों में भी चर्चा रही कि सांप जैसे जहरीले जीव के साथ इस तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। बताया गया कि फिलहाल युवक की स्थिति सामान्य है।
हालांकि, चिकित्सकों की सलाह के अनुसार सांप के डसने की स्थिति में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।
विशेषज्ञों का कहना है कि सांप को पकड़ने या उसके साथ वीडियो बनाने का प्रयास बेहद जोखिम भरा हो सकता है। वीडियो बनाने के चक्कर में वन्यजीवों के साथ खिलवाड़ करने से गंभीर हादसा हो सकता है।
17 अगस्त को भी हुई थी इसी तरह की घटना
अछल्दा में 17 अगस्त को भी एक युवक के सांप के साथ खिलवाड़ करने की घटना सामने आई थी। नागपंचमी के दिन हुई इस घटना में भी सांप के काटने से युवक की हालत बिगड़ गई थी। उसे उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को लेकर चिकित्सकों और स्थानीय लोगों ने लोगों से सांपों के साथ किसी भी तरह का जोखिम न लेने की अपील की है।
सर्प से खिलवाड़ भारी पड़ सकता है इन सभी कृत्यों से बचे साथ ही सर्पदंश की स्थिति में पीड़ित को बिल्कुल भी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। सांप के डसने के बाद तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय जांच और उपचार कराना जरूरी है। शुरुआती समय में हालत सामान्य दिखने के बावजूद जहर का असर बाद में गंभीर हो सकता है। सर्पदंश के दौरान झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।
-डाॅ. ललित मोहन, चिकित्सक सीएचसी अछल्दा
