विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आईजीआरएस रैंकिंग में औरैया का उत्कृष्ट प्रदर्शन, यूपी में टॉप-10 और मंडल में पाया पहला स्थान

Published: Thu, 10 Sep 2026 07:09 PM (IST)

औरैया जनपद ने अगस्त माह की आईजीआरएस रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के शीर्ष-10 जिलों में स्थान प्राप्त किया है, साथ ही मंडल स्तर पर प्रथम रहा।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. औरैया ने अगस्त आईजीआरएस रैंकिंग में शीर्ष-10 में स्थान बनाया।

  2. जनपद मंडल स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में प्रथम रहा।

  3. गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध शिकायत निस्तारण से यह उपलब्धि मिली।

संवाद सहयोगी, ककोर। जन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में जनपद ने एक बार फिर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी अगस्त की आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) रैंकिंग में औरैया ने प्रदेश के शीर्ष-10 जनपदों में स्थान बनाया है।

साथ ही जनपद ने मंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक विपिन पाल ने बताया कि अगस्त माह में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया गया। शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता, तथ्यपरक जांच, पारदर्शिता और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी गई।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में सभी विभाग शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। जिलाधिकारी नियमित रूप से आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर विभागों की प्रगति की निगरानी करते हैं।

लंबित और संवेदनशील प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर अधिकारियों को निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए जाते हैं।जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में औपचारिकता न बरती जाए। प्रत्येक प्रकरण का स्थलीय सत्यापन, तथ्यों की जांच और शिकायतकर्ता से संवाद कर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश चंद्र मौर्य भी नियमित रूप से विभागवार शिकायतों की समीक्षा कर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हैं।

जिलाधिकारी ने उपलब्धि पर अधिकारियों व कर्मचारियों की सराहना करते हुए भविष्य में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए और बेहतर प्रयास करने की अपेक्षा जताई।