विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी अनुदान योजना: औरैया में गरीब ओबीसी बेटियों को शादी के लिए मिलेंगे 20 हजार रुपये, ऑनलाइन आवेदन

Published: Sat, 22 Aug 2026 07:13 PM (IST)

औरैया में अन्य पिछड़ा वर्ग की गरीब बेटियों की शादी के लिए शासन ने 20 हजार रुपये की शादी अनुदान ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. गरीब ओबीसी बेटियों को शादी के लिए 20 हजार रुपये अनुदान।

  2. योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य।

  3. आय सीमा, आयु व आवश्यक दस्तावेजों का पालन जरूरी।

जागरण संवाददाता, औरैया। अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग को छोड़कर) के गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए शासन ने शादी अनुदान योजना संचालित की है। योजना के तहत पात्र परिवार को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के 748 लाभार्थियों को योजना का लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए पात्र आवेदक को विभागीय पोर्टल पर आनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक और शादी का कार्ड आदि अभिलेख जरूरी हैं।

आवेदक के साथ अनुदान के लिए आवेदन की जा रही पुत्री का भी आधार आधारित ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। आवेदक को शादी का प्रमाण पत्र अथवा शादी का कार्ड व बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की पठनीय प्रति पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।

आवेदक की वार्षिक आय ग्रामीण अथवा शहरी क्षेत्र में एक लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। योजना के तहत बजट की उपलब्धता तक प्रथम आवत, प्रथम पावत के आधार पर 20 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। विधवा और दिव्यांग आवेदकों को वरीयता मिलेगी।

शादी की तारीख से 90 दिन पहले अथवा 90 दिन बाद तक आवेदन किया जा सकेगा। शादी के समय पुत्री की आयु कम से कम 18 वर्ष और वर की आयु 21 वर्ष होना अनिवार्य है। एक परिवार की अधिकतम दो पुत्रियों की शादी के लिए अनुदान अनुमन्य होगा।

आनलाइन आवेदन अंतिम रूप से सबमिट करने से पहले ही संशोधन किया जा सकेगा। फाइनल सबमिट के बाद कोई सुधार संभव नहीं होगा। आवेदन के बाद उसकी हार्डकापी सभी संलग्नकों सहित संबंधित एसडीएम या खंड विकास अधिकारी कार्यालय में जमा करना अनिवार्य है।