Auraiya News: बाइकों की भिड़ंत के बाद दो पक्षों में मारपीट, गोली चली; पाता गांव के नहर पुल समीप हुई घटना
पाता गांव के नहर पुल के पास बुधवार की दोपहर दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। इसमें वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जानकारी पर एक पक्ष से पुलिस कर्मी ने ‘112’ पर कंट्रोल रूम को गोली चलने की सूचना दी।
फफूंद, जागरण टीम: पाता गांव के नहर पुल के पास बुधवार की दोपहर दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। इसमें वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जानकारी पर एक पक्ष से पुलिस कर्मी ने ‘112’ पर कंट्रोल रूम को गोली चलने की सूचना दी। यह सुनते ही थाने से फोर्स पहुंचा। जहां गोली चलने की बात बेबुनियाद मिली। मामला सिर्फ मारपीट का निकला। एक युवक को पकड़ा गया। जिससे पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक गांव राजा का पूर्वा में विजय पुत्र हरी सिंह व जेनु पुत्र सुखवीर में 26 सितंबर 2022 को जमीन के विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। इसमें विजय घायल हुआ। बुधवार की दोपहर विजय बाइक से दिबियापुर जा रहा था। जैसे ही वह पाता नहर पुल के पास पहुंचा तभी दूसरी ओर से आ रहे जेनु की बाइक जा भिड़ी। दोनों लोगों में इस बात को लेकर बहस हो गई। गाली गलौज का विरोध किए जाने के दौरान मारपीट होने लगी। यह देख कुछ लोग आ गए।
जेनु ने पुलिस विभाग में कांस्टेबल पद पर तैनात जीजा वीरपाल को सूचना दी। वह पुलिस लाइन शाहजहांपुर में तैनात हैं। 112 पर उन्होंने पुलिस को गोली चलने की सूचना दे दी। यह सुनते ही फफूंद थाना प्रभारी पंकज मिश्र सिपाहियों के साथ पहुंचे।
घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बाइकें मिलीं। एक बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर से पता लगाने पर विजय के यहां पहुंची। पंकज मिश्र ने बताया कि गोली चलने की सूचना झूठी है। विजय को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। दूसरे पक्ष के बारे में जानकारी की गई। तहरीर के तहत कार्रवाई की जाएगी।