विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

80 वर्षीय महिला की फरियाद सुन पसीज गया डीएम का दिल, तुरंत लिया सख्त एक्शन

Published: Mon, 17 Aug 2026 10:02 PM (IST)

80 वर्षीय सावित्री देवी ने संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी से गुहार लगाई कि समाज कल्याण विभाग ने उन्हें कागजों में मृत घोषित कर पेंशन रोक दी है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 80 वर्षीय सावित्री देवी को कागजों में मृत घोषित कर पेंशन रोकी।

  2. जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग की जांच के आदेश दिए।

  3. आवास और बिजली बिल शिकायतों पर भी डीएम ने दिए निर्देश।

जागरण संवाददाता, औरैया। संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के सामने गिड़गिड़ाते हुए 80 वर्षीय सावित्री ने समाज कल्याण विभाग द्वारा की जाने वाले सत्यापन की पोल खोल दी। कहा कि 36 महीनों से पेंशन के इंतजार में यह बूढ़ी आंखें हैं। विभाग ने उसे जीते जी कागजों में मार डाला। अपने जिंदा होने का प्रमाण देकर उसने समस्या के निस्तारण की गुहार लगाई।

यह है पूरा मामला

अटसू क्षेत्र के रतनपुर गढ़िया मौजा अंतर्गत लाल का पुरवा निवासी सावित्री देवी के पति हरबंश लाल की करीब पच्चीस साल पहले मौत हो चुकी है। वृद्धावस्था पेंशन के सहारे जीविका चला रही सावित्री देवी की पेंशन भी तीन साल पहले समाज कल्याण विभाग द्वारा बंद कर दी गई।

सावित्री ने जानकारी की तो बताया गया कि 3 जुलाई 2023 को विभागीय सत्यापन में उसको मृत दर्शा दिया गया। वह अपने जिंदा होने का सुबूत देते हुए अधिकारियों की चौखट पर गुहार लगा रही है, किंतु कोई उसको जिंदा मानने को तैयार नहीं है। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने मामले की जांच कर त्वरित निस्तारण के सख्त आदेश दिए।

आवास योजना में चयन मगर नहीं आई राशि

दूसरी ओर माधुरी निवासी फिरोज नगर ने बताया कि उनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास के चयन में हुआ था। दो जनवरी को उनके मोबाइल नंबर पर आवास की प्रथम किस्त के रूप में एक लाख रुपये जारी होने का संदेश प्राप्त हुआ, लेकिन उनके बैंक खाते में धनराशि प्राप्त नहीं हुई।

दो मई को पुनः आवास निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ करने का संदेश प्राप्त हुआ। प्रार्थिनी ने प्रथम किस्त खाते में उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने डूडा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।

हर महीने आ रहा गलत बिजली बिल

गांव सलैया निवासी दशरथ सिंह ने पोस्टपेड विद्युत कनेक्शन के संबंध में शिकायत करते हुए बताया कि उनका खाता संख्या 016059963 है। उन्हें प्रत्येक माह गलत विद्युत बिल एसएमएस के माध्यम से प्राप्त होता है। शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है तथा पूर्व में जमा किए गए बिलों के बावजूद अगले बिल में पिछला बकाया जोड़ दिया जाता है। उन्होंने बताया कि मीटर रीडर भी दो से तीन माह में आता है, जिससे उन्हें परेशानी के साथ अधिक बिल का भुगतान करना पड़ रहा है। 

88 शिकायतों में 14 का मौके पर हुआ निस्तारण

88 शिकायतों में 14 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सौंपा गया। पुलिस विभाग जुड़ीं शिकायतें एसपी अभिषेक भारती ने सुनीं।

दूसरी ओर जिलाधिकारी के पहुंचने का फरियादियों को इंतजार रहा। फरियादी तहसील सभागार के बाहर बैठे रहे। करीब 12:45 बजे जिलाधिकारी के पहुंचने के बाद फरियादियों ने उनके सामने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं।