औरैया में स्व-गणना की डेट फिक्स, सेल्फ डिक्लेरेशन के आधार पर दर्ज होगा जाति और राष्ट्रीयता का ब्योरा
औरैया में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना होगी और जाति व राष्ट्रीयता का विवरण स्व-घोषणा पर आधारित होगा।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
औरैया में जनगणना-2027 की तैयारियां जिला प्रशासन ने तेज कीं।
स्व-गणना 16 से 30 नवंबर तक, सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी सुरक्षित रखें।
जाति और राष्ट्रीयता का विवरण स्व-घोषणा के आधार पर दर्ज होगा।
संवाद सहयोगी, ककोर। जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी हैं। डीएम बृजेश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक हुई।
इसमें जनगणना के विभिन्न चरणों, प्रशिक्षण और जनजागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। डीएम ने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित होगी। स्व-गणना करने वाले परिवारों को सेल्फ एन्यूमरेशन आइडी (एसईआइडी) मिलेगी। जिसे सुरक्षित रखना होगा। 50 फील्ड ट्रेनर चिह्नित किए गए हैं।
एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण कार्य होगा। जनगणना के लिए पांच जनवरी 2027 की मध्यरात्रि को संदर्भ तिथि निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में प्रगणक परिवारों से निर्धारित 40 प्रश्नों के आधार पर सूचनाएं जुटाएंगे।
स्व-घोषणा के आधार पर किया जाएगा दर्ज
जाति और राष्ट्रीयता का विवरण पूरी तरह स्व-घोषणा के आधार पर दर्ज किया जाएगा। इसके लिए किसी नागरिक से कोई प्रमाणपत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा। बैठक में बताया गया कि फील्ड ट्रेनर चिह्नित किए जा चुके हैं। इन्हें अक्टूबर में मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण देंगे, जबकि 20 नवंबर से पहले प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में बनेंगे चार ROB और 4 नए पुल, 18 लाख की आबादी को होगा फायदा; हरौनी-केसरी खेड़ा आरओबी का काम शुरू
डीएम ने विद्यालयों और महाविद्यालयों में पेंटिंग, रंगोली, भाषण, निबंध, प्रश्नोत्तरी और प्रभात फेरी के माध्यम से जनजागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में वाल पेंटिंग, बैनर-पोस्टर, होर्डिंग, कूड़ा संग्रहण वाहनों, पीए सिस्टम और इंटरनेट मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
