विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना: मेधावी छात्राओं के सपनों को मिलेगी रफ्तार, औरैया में 65 बेटियों का चयन

Published: Fri, 28 Aug 2026 11:18 AM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार की रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत औरैया में 65 मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी मिलेगी। यह ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. 65 मेधावी छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना का लाभ।

  2. कॉलेज और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी।

  3. छात्राओं को मिलेगी आत्मनिर्भरता और परिवहन खर्च में कमी।

जागरण संवाददाता, औरैया। उत्तर प्रदेश सरकार की रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत स्नातक उत्तीर्ण करने वाली 65 मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी।

योजना की जानकारी मिलने के बाद छात्राओं में खुशी का माहौल है। इससे न केवल उन्हें कॉलेज और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा। मेधावियों के चेहरे का तेज और बढ़ा है।

नोडल अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह ने बताया कि जिले में कुल 68 डिग्री कॉलेज हैं। इनमें एक राजकीय, तीन सहायता प्राप्त तथा अन्य स्ववित्तपोषित महाविद्यालय शामिल हैं। इन संस्थानों से चयनित मेधावी छात्राओं को योजना का लाभ दिया जाएगा।

तिलक महाविद्यालय की छात्रा अनुष्का ने इस मौके पर खुशी जताई। मेधावियों का कहना है कि स्कूटी मिलने से पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आने-जाने में काफी सुविधा होगी।

परिवार पर भी परिवहन का खर्च कम होगा। इसी कॉलेज से भूमि पोरवाल का नाम भी सूची में है। कहा कि यह योजना बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

सिमरन पाल और मोना चतुर्वेदी ने सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं को शिक्षा पूरी करने के बाद अपने लक्ष्य हासिल करने में आवागमन की परेशानी कम होगी। जनता महाविद्यालय अजीतमल की अदिति ने भी खुशी जाहिर की।

मेधावियों का कहना रहा कि हम जैसे छोटे कस्बों की छात्राओं के लिए रोजाना आने-जाने की सुविधा बहुत महत्वपूर्ण है। स्कूटी मिलने से समय की बचत होगी और पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।

बीजीएम पीजी कॉलेज दिबियापुर की शिवानी प्रजापति, स्नेहा शुक्ला, कृतिका तिवारी, सुप्रिया शर्मा, श्रद्धा दुबे और अरुषि समेत अन्य मेधावी छात्राओं का भी योजना के लिए चयन किया गया है।

श्री राम कुमार भारतीय ज्ञान देवी, द्वारिका प्रसाद बालक राम, सेवक राममूर्ति देवी महाविद्यालय समेत अन्य संस्थानों की छात्राओं को भी योजना का लाभ मिलेगा। छात्राओं ने इसे महिला शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

तिलक महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. रवि कुमार का कहना है कि मेधावी छात्राओं की सूची जारी हुई है। इसमें उनके महाविद्यालय से भी छात्राएं शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- रानी लक्ष्मी बाई स्कूटी योजना: लवि ने कॉलेजों से मांगी छात्राओं की लिस्ट, गाइडलाइन न होने से प्राचार्य परेशान