15 मिनट में निपटा 15 वर्ष पुराना विवाद
संवादसूत्र दिबियापुर कहते है कि कभी कभी मामले महज फरियाद करने से नहीं सुलझते। कुछ
संवादसूत्र, दिबियापुर : कहते है कि कभी कभी मामले महज फरियाद करने से नहीं सुलझते। कुछ ऐसा ही मामला बर्रु का है। यहां नाली के विवाद की सालों से शिकायत के बाद भी जब मामला नहीं निपटा तो महिलाएं आक्रोशित होकर निकल पड़ी और जाम लगा दिया। महिलाओं का आक्रोश देख गांव में दो थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस व उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से वार्ता कर समझौता करा दिया। जिसके बाद बढ़ा हुआ पानी नाली खोद कर निकलवा दिया गया। इस तरह 15 साल पुराना विवाद निपट गया।
क्षेत्र के ग्राम बर्रु में बीते 15 वर्षों से जल निकासी को लेकर समस्या बनी हुई थी। ग्रामीणों ने डीएम व एसपी को शिकायती पत्र देकर कई बार समस्या का निदान कराए जाने की मांग की थी, लेकिन ग्रामीणों की समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा था। शुक्रवार को हुई बरसात के चलते समस्या और विकराल हो गई। जिसके बाद गांव की महिलाएं पुरुषों के साथ एकत्रित होकर बेला रोड पर आ गई और जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे सीओ लालता प्रसाद व एसडीएम रमापति ने दोनों पक्षों से काफी देर तक सलाह मशवरा किया। इसके बाद दोनों पक्ष राजी हो गए और भरा हुआ गंदा पानी दूसरी ओर मोड़ कर निकलवा दिया गया। जिससे ग्रामीणों की समस्या हल हो गई। 15 वर्ष पूर्व गांव में एक मकान के नीचे से तालाब की तरफ पानी जाता था, लेकिन मकान बन जाने के बाद पानी का निकास बंद हो गया। मकान मालिक का कहना था कि पानी भरे रहने से उनका मकान बैठ रहा है और कभी भी हादसा हो सकता है। पानी नाली से सड़क के किनारे बने नाला में डाला जाए, लेकिन बीच में करीब 20 -25 मीटर नाली नहीं बनी थी और आपस में दोनों पक्षों का इसी बात पर विवाद था। एक पक्ष का कहना था कि मकान के अंदर से पानी जाएगा, जबकि दूसरा पक्ष रोड के किनारे बनी नाली से पानी निकलवाने के लिए अड़ा था। प्रभारी थाना निरीक्षक सोमेंद्र सिंह ने बताया ग्रामीणों ने जल निकासी के लिए कई बार कुछ अधिकारी को शिकायत की थी। शुक्रवार को अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उसका निस्तारण करा दिया।