क्यों नहीं हुई कार्रवाई? कारण बताएंगे थाना प्रभारी
अमरोहा आखिर ऐसी क्या वजह हैं? जो फरियादी थाने को छोड़ कर एसपी दफ्तर आकर शिकायतें कर रहे हैं।
अमरोहा: आखिर ऐसी क्या वजह हैं? जो फरियादी थाने को छोड़ कर एसपी दफ्तर आकर शिकायतें दर्ज कराते हैं? इसका पता लगाने व शिकायत का तत्काल निस्तारण करने के लिए एसपी सुनीति ने कार्यालय में हेल्प डेस्क शुरू की है। इसके लिए छह निरीक्षक की तैनाती की गई है। वह शिकायतकर्ताओं की समस्या सुनकर संबंधित थाना प्रभारी से बात कर कारण पूछेंगे। उसके बाद स्थिति से एसपी को अवगत कराया जाएगा। ताकि लोगों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के साथ किया जा सके।
ऐसा नहीं है कि पहले एसपी दफ्तर में जनशिकायतों का निस्तारण नहीं होता था परंतु अब तत्काल निस्तारण होगा। थाना स्तर पर निस्तारण न होने का कारण भी पूछा जाएगा। दरअसल एसपी सुनीति ने कार्यालय में फरियादियों के लिए हेल्प डेस्क की स्थापना की है। जिलेभर से आने वाले फरियादी यहां अपनी समस्या रखेंगे। क्या विवाद है? थाने पर कब गए तथा निस्तारण क्यों नहीं हुआ? रिपोर्ट दर्ज है? तो वर्तमान स्थिति क्या है? इन सारे सवालों का जवाब डेस्क पर तैनात निरीक्षक संबंधित थाना प्रभारी से लेंगे। उसके बाद एसपी संबंधित व्यक्ति की समस्या का निस्तारण तत्काल करेंगी। इसके लिए एसपी ने छह निरीक्षकों की तैनाती की है।
शनिवार, मंगलवार व शुक्रवार को सतीश चौधरी व संजीव त्यागी, सोमवार, गुरुवार व रविवार को शरद मलिक व रघुराज सिंह, जबकि बुधवार को देवेंद्र सिंह व अशोक कुमार शिकायतें सुनकर निस्तारित कराएंगे। जबकि उपरोक्त चार निरीक्षकों में किसी के अवकाश पर रहने के कारण देवेंद्र सिंह व अशोक कुमार शिकायतें सुनेंगे। सुबह 9:30 बजे से शाम पांच बजे तक दर्ज होने वाली प्रत्येक शिकायत की मॉनिटरिग स्वयं एसपी करेंगी।