महिला आयोग के दखल से तीन के खिलाफ रिपोर्ट
हसनपुर शादी करने का झांसा देकर दो साल तक शारीरिक संबंध बनाने तथा दो बार गर्भपात कर
हसनपुर : शादी करने का झांसा देकर दो साल तक शारीरिक संबंध बनाने तथा दो बार गर्भपात कराने के बाद प्रेमी शादी से मुकर गया। पुलिस के सुनवाई नहीं करने पर पीड़िता ने राष्ट्रीय महिला आयोग की शरण ली। महिला आयोग के दखल पर पुलिस ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मामला कस्बे का है। यहां के एक मुहल्ला निवासी युवती का आरोप है कि दो वर्ष पूर्व एक युवक उससे मिला। शादी करने के लिए कहने लगा। युवती ने कहा कि शादी के बारे में उनकी माता बताएंगी। आरोप है कि शादी का झांसा देते हुए वह उसके घर पर आने- जाने लगा। वह यह कहते हुए उससे शारीरिक संबंध बनाने लगा की दोनों की शादी तो होनी ही है।
आरोप है कि दो साल में दो बार उसका गर्भपात भी कराया जा चुका है। आरोपित उसकी वीडियो वायरल करने की भी चेतावनी दे रहा है। 19 मई, 20 को आरोपित की बहन तथा बहनोई ने उनके घर पहुंचकर शादी करने से इनकार करते हुए उसे डराया धमकाया। मामले की शिकायत पुलिस से की लेकिन, पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। विवश होकर राष्ट्रीय महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया।
महिला आयोग की अध्यक्ष के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने नदीम, उसकी बहन तथा बहनोई नवाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया महिला आयोग के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।