विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऐतिहासिक तिगरी मेला 5 KM के दायरे में सजेगा, 20 अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी; ड्रोन-CCTV से होगी निगरानी

Published: Tue, 20 Oct 2026 01:12 PM (IST)

अमरोहा प्रशासन ने तिगरी गंगा मेला की तैयारियां तेज कर दी हैं, जिसमें 20 अधिकारियों को मेला को भव्य बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

15 नवंबर से शुरू हो जाएगा तिगरी मेला।

15 नवंबर से शुरू हो जाएगा तिगरी मेला।

जागरण संवाददाता, अमरोहा। प्रशासन ने तिगरी गंगा मेला की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रत्येक विभाग ने कामों के टेंडर निकाल दिए हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने तिगरी मेला का नक्शा तैयार कर लिया है। उसके हिसाब से ही 22 सेक्टर बनाने की कार्रवाई की जाएगी।

पांच किलो मीटर के दायरे में मेला को बसाया जाएगा। उसको सजाने, संवारने और भव्यता प्रदान करने की जिम्मेदारी 20 अधिकारियों को सौंपी गई है। तेजी के साथ मेला स्थल पर जमीनों को खाली कराने का काम शुरू हो गया है।

15 नवंबर से मेला शुरू हो जाएगा। जिसको शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। उसने एएसपी अखिलेश भदौरिया को मेला की सुरक्षा, यातायात व पार्किंग व्यवस्था पीए सिस्टम, ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी व वाईफाई, एलईडी प्रसारण व्यवस्था सौंपी है।

इसके अतिरिक्त लोनिवि प्रांतीय खंड एक्सईएन गौरव रंजन को मेला का साइट प्लान, अस्थायी मार्गों व मचान का निर्माण, बैरियर, बैरिकेडिंग, साइनेज बोर्ड, टिन फेसिंग, दाग बेलिंग व समतलीकरण, एक्सईएन जल निगम मुजीब अहमद को पेयजल, 10 बोरिंग, 2200 हैंडपंप लगाने व बोरिंग एक्सईएन बाढ़ खंड सिंचाई राजेश कुमार गंगवार को गंगा नदी में बल्ली-स्क्रीनिंग बैरिकेडिंग, सुरक्षा जाल, कटाव व घाटों के अंदर बैरिकेडिंग कार्य, एक्सईएन विद्युत नीरज कुमार को प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।

जिविनि शतानंद शर्मा को ध्वनि प्रसारण यंत्रों की स्थापना व संचालन, जिला आयुक्त स्काउट एवं गाइड अजय कुमार को स्काउट गाइड की व्यवस्था, खोया पाया केंद्र संचालन, डीपीआरओ नितिन कुमार को 3100 कलस्टर वाले अस्थायी शौचालय व 1848 सिंगल यूनिट वाले अस्थायी शौचालयों का निर्माण, साफ-सफाई कार्य कराने, ईओ अमरोहा दिनेश कुमार को गंगा तट पर पूजा एवं गंगा आरती सौंपी गई है।

इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्वागत गेट, साफ-सफाई व मोबाइल टायलेट के संचालन, एएमए जिला पंचायत राकेश कुमार यादव को वीवीआइपी व वीआइपी, माननीयों के लिए स्विस काटेज, इपी टेंट, कुर्सी-मेज, दो पार्किंग स्थलों का निर्माण व प्रकाश व्यवस्था, घाटों का निर्माण, नाव व मल्लाह आदि कार्य, जिला सूचना अधिकारी दानिश अंसारी को सरकार की जनकल्याणकारी येाजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग्स, एसडीएम धनौरा एसके दुबे को वीवीआइपी, वीआइपी की व्यवस्था, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व आपदा मित्रों के खाने, पेट्रोल डीजल की व्यवस्था सौंपी गई है।

डीएचओ को एके श्रीवास्तव को मेला में सजावट व नर्सरी का कार्य कराने, एआारटीओ मनोज मिश्र आवश्यकतानुसार प्राइवेट बस व वाहन की व्यवस्था, एआरएम रोडवेज केसी गौड़ को रोडवेज बसों की व्यवस्था का जिम्मा सौंपा है। इसके अतिरिक्त डीआइओ एनआइसी सात्विक शुक्ला को मोबाइल नेटवर्क, बेसिक टेलीफोन व्यवस्था, सीएमओ को स्वास्थ्य शिविर लगाने व एंबुलेंस की व्यवस्था, एफएसओ कमलेश कुमार मिश्र को अग्निशमन वाहन की समुचित व्यवस्था कराने, जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी को खेल प्रतियोगिताएं कराने व प्रभारी अधिकारी नजारत रविंद्र कुमार व राजेश कुमार को मेला में प्रशासनिक अधिकारियों के कैंप स्थापित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

मेला की तैयारियां चल रही हैं। अधिकारियों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दे दी गई है। जल्द ही मेला स्थल पर तंबुओं का शहर बसाने के लिए कार्य शुरू होगा।
गरिमा सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व