राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका, नोकझोंक Amroha news
पूरे देश में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि मनाई जा रही है। आज ही के दिन 1948 में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
अमरोहा, जेएनएन। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि भी पुलिसिया पहरे में मनाई गई। गांधी प्रतिमा पर बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान जमकर नोकझोंक हुई। हंगामे के बाद जिलाध्यक्ष व शहराध्यक्ष समेत पांच कांग्रेसियों को ही माल्यार्पण करने की इजाजत मिली। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
दरअसल, आजाद रोड स्थित एक बैंक्वेट हाल में राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों की ओर से श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन किया गया था। यहां से कांग्रेसियों को कुछ ही दूरी पर गांधी प्रतिमा पहुंचकर बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करना था। जिसकी भनक लगने पर पुलिस ने गांधी मूर्ति समेत कार्यक्रम स्थल की घेराबंदी कर दी। एकाएक ही पुलिस के मूवमेंट से कांग्रेसी भी हक्के-बक्के रह गए।
कांग्रेस नेताओं ने जब हल्का दारोगा से बातचीत की तो धारा 144 लागू होने का हवाला देकर उन्हें गांधी प्रतिमा जाने से रोक दिया गया। इसे लेकर कांग्रेसियों की पुलिसकर्मियों से खूब नोकझोंक हुई। कांग्रेस नेता दारोगा से भिड़ गए, जिससे हंगामा खड़ा हो गया। आखिर में जिलाध्यक्ष, शहराध्यक्ष समेत पांच लोगों को माल्यार्पण करने के लिए गांधी मूर्ति तक जाने की इजाजत मिली। जिसके बाद माहौल कुछ शांत हुआ और कांग्रेसियों ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।