बेटे को जन्म न देने पर विवाहिता को पीटकर भगाया
बेटे को जन्म नहीं देने पर ससुरालियों ने विवाहिता को प्रताडित करते हुए उसके साथ मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। बाद में पीड़िता ने मायके पहुंचकर घरवालों को जानकारी दी। आरोप है कि मायके वाले बात करने के लिए ससुराल पहुंचे तो ससुरालियों ने उनके साथ भी अभद्रता की।
गजरौला : बेटे को जन्म नहीं देने पर ससुरालियों ने विवाहिता के साथ मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। बाद में पीड़िता ने मायके पहुंचकर घरवालों को जानकारी दी। आरोप है कि मायके वाले बात करने के लिए ससुराल पहुंचे तो ससुरालियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। बाद में कार्रवाई को थाने में तहरीर दी गई है।
थाना नौगावां सादात के गांव ढक्का निवासी धान सिंह की पुत्री मुनेश की शादी आठ साल पूर्व थाना क्षेत्र के गांव खादगुर्जर के महावीर के पुत्र हुक्म सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद मुनेश ने लगातार तीन बेटियों को जन्म दिया। जिसमें एक बेटी की मौत भी हो गई। लगातार तीन बेटियों के जन्म पर ससुराली खफा हो गए। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग इस बात को लेकर उस पर ताने कसने लगे। आरोप है कि दोनों बेटियों की परवरिश को मायके से पैसे लाने का भी दबाव बनाने लगे। मना करने पर उसके साथ मारपीट की। बुधवार की रात भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद पति, सास व ससुर ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने मामले की जानकारी मायके वालों को दी। गुरुवार की सुबह मायके के लोग ससुराल पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता करते हुए मारपीट की। बाद में सभी लोग थाने पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।