जनसंख्या की रोकथाम को बने सख्त कानून
मंडी धनौरा जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सर्वेश शर्मा ने कहा बढ़ती जनसंख्या गंभीर समस्या है।
मंडी धनौरा: जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सर्वेश शर्मा ने कहा देश मे बढ़ती जनसंख्या गंभीर समस्या है। दो बच्चों का कानून पारित कराए जाने की मांग को लेकर 13 नवंबर को क्षेत्र में प्रतिज्ञा कार्यक्रम किया जाएगा।
गढ़ी मंदिर धर्मशाला में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा बढ़ती जनसंख्या के कारण ध्वनि प्रदूषण वायु प्रदूषण जल प्रदूषण व अनेकों प्रकार की समस्याएं देश के अंदर बढ़ रही हैं। कहीं ऐसा ना हो कि संसाधनों को लेकर भविष्य में युद्ध की स्थिति उत्पन्न हो जाए। जनसंख्या समाधान फाउंडेशन सरकार से सख्त जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग कर रही है। इसी क्रम में 13 नवंबर यानी छोटी दीपावली को ठीक बारह बजे देश की प्रत्येक जनपद, तहसील व गांव-नगर में प्रतिज्ञा दिवस मनाया जाएगा। भारत माता की मूर्ति का माल्यार्पण कर तिरंगे ध्वज को प्रणाम कर जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के कार्यकर्ता सख्त जनसंख्या नियंत्रण कानून को पारित कराने के लिए शपथ लेंगे। इसकी रूपरेखा तैयार कर लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
यहां जिला अध्यक्ष संजीव गिल, नीरज सैनी, संजय सिंह, इल्म सिंह सैनी, ओमकार सैनी, अनिल शर्मा, आनन्द प्रकाश, अंकुश गुप्ता, सतवीर सिंह, सतीश आदि उपस्थित रहे।